




रतलाम, 25 नवंबर 2026। युवा उत्सव नोडल महाविद्यालय, शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रतलाम के ऑडिटोरियम में तीन दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव दिनांक 25 नवम्बर से 27 नवंबर 2026 का भव्य शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। महोत्सव की कुल 27 विधाओं में से पहले दिन संगीत-गायन, वादन, नृत्य तथा चित्रकला से जुड़ी 13 विधाओं की प्रतियोगिताएँ उत्साहपूर्वक आयोजित की गईं। इनमें चित्रकला (स्पॉट पेंटिंग), सुगम गायन (भारतीय), समूह गान (भारतीय), शास्त्रीय गायन (एकल), पश्चिमी गायन (एकल), समूह गान (पश्चिमी), शास्त्रीय नृत्य (एकल), लोक/जनजाति नृत्य (समूह), शास्त्रीय वाद्य वादन एकल (ताल वाद्य एवं अन्य वाद्य), पश्चिमी वाद्य वादन (एकल), लोक वाद्य वृंद (फोक आर्केस्ट्रा) और रचनात्मक नृत्य संयोजन (कोरियोग्राफी) की स्पर्धाएँ शामिल रहीं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त अर्थशास्त्र प्राध्यापक, समाजसेवी एवं साहित्यकार डॉ. गीता दुबे तथा विशेष अतिथि सेवानिवृत्त राजनीति शास्त्र प्राध्यापक डॉ. अनिल जैन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नोडल महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मंगलेश्वरी जोशी ने की। अतिथियों का स्वागत डॉ. जोशी, डॉ. वर्षा, डॉ. अनामिका, नीलोफर, डॉ. बामनिया, डॉ. सुरेश चौहान, प्रो. आशा राजपुरोहित एवं प्रो. प्रीति वर्मा द्वारा किया गया।
जिला स्तरीय युवा उत्सव के नोडल प्रभारी डॉ. बी. वर्षा ने स्वागत भाषण एवं अतिथि परिचय देते हुए प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आपमें कोई जिद होनी चाहिए, अहंकार नहीं तथा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी ।
मुख्य अतिथि डॉ. गीता दुबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा हमें ज्ञानवान बनाती है, लेकिन पाठ्येतर गतिविधियां हमारे व्यक्तित्व को निखारती हैं। जो प्रतिभाएँ सामान्यत: सामने नहीं आ पातीं, वे ऐसी प्रतियोगिताओं में सहभागिता करने पर निखरकर सामने आती हैं। आप मंच तक आने का उत्साह जगाइए, हालांकि सबको यह मंच नहीं मिलता है। आप सभी स्वयं को सक्षम बनाइए और गलत राह पर न जाएं। आज के समय में अपने आप को सतर्क रखें तथा सोच-समझकर निर्णय लें। उन्होंने अपनी कविता के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं एवं विवशता को रेखांकित करते हुए छात्राओं को बेबाक होकर अपनी बात रखने और साहस दिखाने की प्रेरणा दी।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. मंगलेश्वरी जोशी ने प्रतिभागियों को आगामी स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया तथा प्रतिभागियों एवं विशेष अतिथि के सम्मान में काव्य पंक्तियाँ समर्पित कीं। इस अवसर पर महाविद्यालय स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रमाणपत्र व पुरस्कार प्रदान किए गए। IQAC प्रभारी डॉ. डांगे ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया, जबकि प्राचार्य द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट किया गया।
विभिन्न स्पर्धाओं के निर्णायक मंडल में संगीत-नृत्य विधा के लिए श्रीमती सुशीला व्यास, कल्पना घाटपाण्डे, श्री तल्लीन त्रिवेदी एवं सुश्री साक्षी सोलंकी तथा चित्रकला विधा के लिए डॉ. समीक्षा जैन, श्री महावीर वर्मा एवं सुश्री श्वेता कटारिया उपस्थित रहे। इस समस्त आयोजन में युवा उत्सव समिति के सदस्य डॉ. रविराज विश्वकर्मा, श्री कमलेश राठौड़, श्री विवेकान्द उपाध्याय व प्रो पूजा वास्केल का विशेष सहयोग रह। कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्नेहा पंडित ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. अनामिका सारस्वत ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रही ।