भव्य स्वरूप में होगी श्री रामनवमी पर 10,000 दीपों से महाआरती

रतलाम। चैत्र नवरात्रि में श्रीराम नवमी पर्व इस बार शहर में भव्य स्वरूप में मनाया जाएगा। शहर के प्राचीन राजमहल के द्वार पर एक साथ प्रभु श्री राम की 10000 दीपों से सामूहिक महाआरती की जाएगी। श्री राम जन्मोत्सव समिति अध्यक्ष गोविंद काकानी ने बताया कि अयोध्या में प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद रतलाम शहर में यह पहला ऐतिहासिक और भव्य आयोजन होगा। महाआरती को लेकर समिति के साथ शहर की विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक संस्था एवं संगठनों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। समिति के द्वारा महाआरती को लेकर तैयारियों का दौर लगातार जारी है। महाआरती बनारस के पंडित द्वारा की जाएगी। वहीं देश के प्रसिद्ध गीतकार एवं संगीतकार द्वारा भक्तिमय संध्या की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी। महाआरती को लेकर शहरवासियों में भी खासा उत्साह नजर आने लगा है।