
रतलाम। अच्छा स्वास्थ्य हमारे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण आयाम होता है और यही हमारे जीवन की वास्तविक संपत्ति होती है ।यह बात श्री सेवा संस्थान की वरिष्ठ पद्मश्री डॉक्टर लीला जोशी ने मध्य प्रदेश शासन की योजना “एजुकेशन फॉर ऑल” पत्रिका के लिए अपने साक्षात्कार में जवाहर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतलाम की छात्रा गरिमा केलवा एवं पत्रिका की प्रधान संपादिका विनीता ओझा को कही। उन्होंने बताया कि आदिवासी समाज में एनीमिया के कारण मृत्यु दर अधिक पाई गई। हमारे एन जी ओ को इस क्षेत्र में कार्य करने की आवश्यकता महसूस हुई और इसके माध्यम से हजारों आदिवासी बहनों को इस बीमारी से राहत मिली। इस हेतु निशुल्क जांच एवं दवाइयां का वितरण भी वे करती हैं। उन्होंने बताया कि हमारे एनजीओ में सभी सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी है जिनके अनुभवों का लाभ हम इस वर्ग तक पहुंचाने में समर्थ हुए हैं ।एनीमिया की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस रोग में हीमोग्लोबिन की कमी, अत्यधिक थकान एवं कमजोरी आ जाती है जो इस रोग का आरंभिक लक्षण होता है। समय पर इलाज करने से इस रोग से छुटकारा पाया जाता सकता है ।
साक्षात्कार का मार्गदर्शन प्राचार्य मंजूलता जादौन ने किया। नोडल अधिकारी विजय पांचाल एवं सहयोगी के रूप में राजेंद्र राठौड़ एवं ऋषिकेश चौहान उपस्थित रहे। आभार विनीता ओझा ने माना।