मैदान में होगा जन संवाद, जनसुनवाई और समस्याओं का त्वरित समाधान
रतलाम । प्रदेश सरकार की मंशानुरूप कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने जिले में सुशासन को मजबूत बनाने तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के उद्देश्य से प्रत्येक शुक्रवार “जनविश्वास कार्यक्रम” आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। यह कार्यक्रम राज्य शासन के मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की तर्ज पर जिले में “जन विश्वास रतलाम” के रूप में संचालित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के तहत सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), नगर निगम के अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी प्रत्येक शुक्रवार अपने-अपने क्षेत्र में संपूर्ण दिवस भ्रमण करेंगे। अधिकारी गांवों एवं वार्डों में पहुंचकर आमजन से सीधे संवाद करेंगे, जनसुनवाई करेंगे तथा प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक शुक्रवार केवल औपचारिक निरीक्षण नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं का वास्तविक क्रियान्वयन, शासकीय संस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण, नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता का परीक्षण तथा सीएम हेल्पलाइन की गंभीर एवं लंबित शिकायतों का फील्ड सत्यापन भी किया जाएगा। शिकायतों का केवल पोर्टल पर निराकरण नहीं, बल्कि वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा लापरवाही, अनावश्यक विलंब, भ्रामक जानकारी, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से वंचित रखने अथवा अन्य प्रशासनिक अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने कहा कि “जनविश्वास कार्यक्रम” का उद्देश्य प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाना, समस्याओं का मौके पर समाधान करना, शासकीय सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना तथा प्रशासन के प्रति नागरिकों का विश्वास सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम के परिणामों की नियमित समीक्षा स्वयं कलेक्टर द्वारा की जाएगी।
क्या है जनविश्वास कार्यक्रम
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान मध्यप्रदेश शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य शासन एवं प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में कलेक्टर, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों से सीधे संवाद करते हैं। शिविर में जनसंवाद, जनसुनवाई, सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित शिकायतों का निराकरण, विभागीय योजनाओं की समीक्षा, शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण, सेवा प्रदाय व्यवस्था का मूल्यांकन, उद्यमियों एवं किसानों से संवाद तथा विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया जाता है।
अभियान का प्रमुख उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही अधिकतम निराकरण, शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासनिक पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाना तथा जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करना है।