
जावरा। गौ सेवा, जीवदया और भारतीय संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक अभिनव पहल के तहत अ.भा. जैन दिवाकर विचार मंच एवं श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में पहली बार गौ माता को गो-ग्रास के साथ 56 भोग परोसा जाएगा।
यह आयोजन 11 अगस्त, मंगलवार को राज राजेश्वरी गोधाम गौशाला, नरसिंह धाम चांपाखेड़ा (बड़ावदा के पास) में आयोजित होगा। कार्यक्रम में शाम 4 बजे आरती तथा 5 बजे गौ माता को 56 भोग परोसने का आयोजन रखा गया है।
इस पुनीत सेवा कार्य के लिए राजा हनुमान मित्र मंडल, सरसी का सौजन्य रहेगा। कार्यक्रम में प्रेरणास्रोत राष्ट्रसंत श्री कमल मुनि कमलेश जी का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन पंडित श्री भीमाशंकर शास्त्री जी का रहेगा।
इस अवसर पर गौशाला में श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति द्वारा एक म्यूजिक सिस्टम भी प्रदान किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं एवं गौसेवा प्रेमियों से इस अनूठे सेवा आयोजन में सहभागी बनकर पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया है। उक्त जानकारी अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच के राष्ट्रीय वरिष्ठ मार्गदर्शक अभय सुराणा ने दी। उन्होंने कहा कि गौ सेवा केवल एक सेवा कार्य नहीं, बल्कि भारतीय संस्कार, करुणा और जीवदया की सशक्त अभिव्यक्ति है। गौ माता को 56 भोग परोसने का यह आयोजन समाज में जीव मात्र के प्रति दया, संवेदना और सेवा भावना को और अधिक प्रबल करेगा।