कल मनेगा आजादी का जश्न, घंटाघर पर होगी भारत माता की आरती

‘एक दुलारा देश हमारा, प्यारा हिंदुस्तान’ में शहर के कलाकार देंगे देशभक्ति प्रस्तुतियां

उज्जैन। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वर्णिम भारत मंच द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाला भव्य देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम “एक दुलारा देश हमारा, प्यारा हिंदुस्तान” इस वर्ष लगातार 16वें वर्ष आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम 15 अगस्त शनिवार को शाम 6 बजे घंटाघर (टॉवर चौक), उज्जैन पर आयोजित होगा।
कार्यक्रम में शहर के प्रतिभाशाली कलाकार देशभक्ति गीत, नृत्य, संगीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों एवं अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना, युवाओं में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना जागृत करना तथा भारतीय संस्कृति और देशभक्ति की चेतना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम संयोजक चेतन अहिरवार व कार्यक्रम अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर संस्था द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम निरंतर 16 वर्षों से शहर में देशभक्ति की अलख जगाने का कार्य कर रहा है और अब यह आयोजन उज्जैन की एक विशेष पहचान बन चुका है।

भारत माता का पूजन एवं भव्य आरती
अभय नरवरिया ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान टॉवर चौक पर उज्जैनवासियों एवं पूर्व सैनिकों की ओर से भारत माता का पूजन एवं आरती की जाएगी। इस अवसर पर वीर शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव के प्रति समर्पण का संकल्प लिया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील मंच अध्यक्ष दिनेश श्रीवास्तव, अनुपमा श्रीवास्तव, जितेंद्र बैरागी , शकेब अख्तर कुरैशी,अभय नरवरिया , वीरेंद्र सिंह ठाकुर, चेतन श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, चेतन अहिरवार , अर्जुन सिंह सिसोदिया, संदीप व्यास, लोकेंद्र रामी , नेहा श्रीवास्तव,शशि श्रीवास्तव, पिंकी श्रीवास्तव आदि ने शहर के कलाकारों, पूर्व सैनिकों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, युवाओं तथा समस्त राष्ट्रप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भारत माता की आरती एवं देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *