रतलाम से चित्तौड़गढ़ तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलवे ट्रैक एवं पुलों की संरक्षा का लिया जायजा




रतलाम, 23 जुलाई 2026। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने रतलाम मंडल प्रवास के दौरान 23 जुलाई 2026 को रतलाम से चित्तौड़गढ़ तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक, पुलों एवं अन्य रेल परिसंपत्तियों की संरक्षा एवं सुरक्षा का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने मंदसौर एवं नीमच रेलवे स्टेशनों का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने दोनों स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर, वेटिंग रूम, पे एंड यूज़ टॉयलेट, स्टेशन प्रबंधक कार्यालय तथा निर्माणाधीन फुटओवर ब्रिज सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्हें निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार ने बताया कि महाप्रबंधक ने यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशन परिसरों में संरक्षा एवं सुरक्षा के साथ स्वच्छता बनाए रखने तथा यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों को बेहतर एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर, वेटिंग रूम एवं अन्य यात्री सुविधा क्षेत्रों का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने चित्तौड़गढ़ स्थित एकीकृत क्रू लॉबी एवं रनिंग रूम का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
महाप्रबंधक ने रनिंग रूम में उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का जायजा लिया तथा स्वयं भोजन भी किया। उन्होंने लोको पायलट एवं अन्य रनिंग स्टाफ से संवाद कर उनकी कार्य संबंधी समस्याओं, उपलब्ध सुविधाओं तथा कार्य के दौरान आने वाली कठिनाइयों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने क्रू लॉबी एवं रनिंग रूम में रेल कर्मचारियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता एवं रख-रखाव की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों दोनों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित किया जाए तथा यात्री सुविधाओं एवं निर्माणाधीन कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। महाप्रबंधक के रतलाम से चित्तौड़गढ़ तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण तथा मंदसौर, नीमच एवं चित्तौड़गढ़ स्टेशन निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार सहित रतलाम मंडल के सभी शाखाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।