- जनवरी से रतलाम में शुरू होगा युवाओं का निःशुल्क प्रशिक्षण, प्रशिक्षण में सफल होने पर मिलेगा रोजगार
- एलएनजी ग्रुप के साथ समीक्षा बैठक संपन्न



रतलाम 2 सितम्बर । भीलवाड़ा के एलएनजी ग्रुप उद्योग द्वारा रतलाम जिले में दो प्लांट प्रारंभ किए जा रहे हैं। इनमें गारमेंटिंग उद्योग एवं डेनिम जींस उद्योग शामिल हैं। दोनों उद्योगों में लगभग 1200 ट्रेड मजदूरों की आवश्यकता होगी। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के सहयोग से आवश्यक प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा। कलेक्टर ने एलएनजी ग्रुप के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने बताया कि युवाओं के लिए प्रशिक्षण जनवरी 2027 से रतलाम में प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है। प्रशिक्षण कंपनी द्वारा पूर्णतः निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। एक माह में लगभग 60 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि एक माह होगी, जिसमें लगभग 300 घंटे का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले युवाओं को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण में सफल युवाओं को एलएनजी ग्रुप उद्योग में रोजगार का अवसर मिलेगा। प्रारंभिक रूप से युवाओं को भीलवाड़ा सहित एलएनजी ग्रुप के विभिन्न स्थानों पर स्थित उद्योगों में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण एवं कार्य में दक्षता प्राप्त करने के पश्चात योग्य एवं प्रशिक्षित युवाओं को रतलाम में प्रारंभ होने वाले उद्योग में भी रोजगार दिया जाएगा।
जिले में प्रस्तावित दोनों प्लांट का कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा नवंबर 2026 से इनके शुरू होने की संभावना है। उद्योग के प्रारंभ होने से जिले के स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। जिले में उद्योगों की स्थापना एवं विस्तार के लिए प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को आवश्यक कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तैयार किया जाएगा, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने बताया कि भविष्य में भी उद्योगों के माध्यम से सीएसआर के अंतर्गत इस प्रकार की कौशल विकास एवं रोजगारपरक गतिविधियां लगातार संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही जिला कौशल विकास समिति की बैठक आगामी सप्ताह में आयोजित की जाएगी। इस संबंध में आईटीआई रतलाम को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री कटेसरिया द्वारा पूर्व में किए गए औद्योगिक भ्रमण में एलएनजी ग्रुप उद्योग भी शामिल था। उद्योग के प्रस्तावित प्लांट का कार्य प्रारंभ हो चुका है। जिला प्रशासन द्वारा उद्योग को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है, ताकि जिले में औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।