
जयपुर (राजेश जैन दद्दू) । राजस्थान जयपुर की पावन धरा पर आध्यात्मिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय रचा जाएगा। श्रंमण संस्कृति के महामहिम परम पूज्य पट्टाचार्य भगवंत श्री 108 विशुद्धसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य एवं परम पूज्य कुल गौरव श्रुतसंवेगी महाश्रमण मुनि श्री 108 आदित्यसागर जी महाराज के पावन करकमलों से भव्य जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि इस महोत्सव में ब्र. अतिशय भैया, ब्र. विशाल भैया एवं ब्र. रोहित भैया जैनेश्वरी दीक्षा ग्रहण करेंगे। यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, अपितु त्याग, तपस्या और वैराग्य की दिव्य प्रेरणा का महापर्व होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत 06 दिसम्बर को मुनि श्री 108 आदित्यसागर जी महाराज की भव्य अगवानी जयपुर होने जा रही है। 06 से 11 दिसम्बर तक विभिन्न कॉलोनियों में महाश्रमण मुनि आदित्य सागर जी संघ का मंगल प्रवास होगा। 12 दिसम्बर को वीटी रोड ग्राउंड, मानसरोवर में भव्य मंगल प्रवेश होगा। 13 दिसम्बर को मंगल प्रवचन एवं भक्तामर विधान होगा। 14 दिसम्बर को दोपहर में दीक्षार्थी भाइयों का हल्दी-मेहंदी समारोह एवं सायंकाल भव्य विनौली महोत्सव होगा। 15 दिसम्बर को श्रंमण संस्कृति के महामहिम आचार्य श्री गुरुदेव विशुद्ध सागर एवं श्रुतसंवेगी महाश्रमण आदित्य सागर जी संसघ का भव्य मंगल मिलन समारोह, मंगल प्रवचन एवं गणधर वलय विधान होगा तथा सायं 7 बजे भव्य भक्ति संगीत ऋषभ संभव कॉन्सर्ट होगा। 16 दिसम्बर को दोपहर 12:30 बजे से भव्य जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव होगा एवं 17 दिसम्बर को महापारणा होगी।
समारोह स्थल आरएचबी ग्राउंड, वीटी रोड, पैसिफिक मॉल के पीछे, मानसरोवर, जयपुर रहेगा। आयोजक आदित्य प्रेरणा मंच, जयपुर एवं दीक्षा महोत्सव समिति, जयपुर हैं। शिरोमणि संरक्षक श्री अशोक चाँदवाड़, मुख्य संयोजक श्री सुनील पहाड़िया, संयोजक श्री पवन-संजय छाबड़ा, अध्यक्ष श्री दीक्षान्त हाड़ा, महामंत्री श्री अंकित चाँदवाड़, कोषाध्यक्ष श्री राहुल जैन हैं। निवेदक सकल दिगम्बर जैन समाज, जयपुर ने भारत वर्षीय जैन समाज एवं सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार पधारकर पुण्यार्जन करने की विनम्र अपील की है।