मदुरै में जैन हॉस्पिटल एंड लैब्स के नए भवन का भव्य भूमिपूजन सम्पन्न

राजस्थान के गढ़ सिवाना निवासी कंकुचौपड़ा परिवार ने लिया भूमिपूजन, खात मुहूर्त एवं शिला स्थापना का संपूर्ण लाभ

मदुरै । भगवान महावीर जैन चैरिटेबल ट्रस्ट, मदुरै द्वारा संचालित जैन हॉस्पिटल एंड लैब्स की स्वास्थ्य सेवाएँ पिछले कई वर्षों से मदुरै में निरंतर जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध करा रही हैं। इन सेवाओं को और अधिक विस्तार देने तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के लिए स्वयं के भवन निर्माण की दिशा में ट्रस्ट द्वारा भूमि लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।
अशोक जीरावला व मुकेश आर. चौपड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को जैन हॉस्पिटल एंड लैब्स के नए भवन का भूमिपूजन, खात मुहूर्त एवं शिला स्थापना समारोह बड़े ही हर्षोल्लास, धार्मिक श्रद्धा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 8:30 बजे अतिथियों एवं समाजबंधुओं के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। इसके पश्चात सुबह 9:30 बजे स्नात्र पूजा, नवग्रह पूजा, भूमिपूजन, खात मुहूर्त एवं शिला स्थापना का मांगलिक कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर गुरुजी ने विधि-विधान एवं पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मंत्रोच्चारपूर्वक पूजा-अर्चना सम्पन्न कराई। तत्पश्चात भूमिपूजन एवं खात मुहूर्त की रस्मों के साथ शिला स्थापना की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने मंगलभावना के साथ इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनकर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। इस पावन अवसर पर भूमिपूजन, खात मुहूर्त एवं शिला स्थापना के संपूर्ण लाभार्थी शा जयंतीलालजी, राजेंद्रकुमारजी, मुकेशकुमारजी अश्विनकुमारजी, कुणालकुमारजी कंकु चौपड़ा, भैरॉणी परिवार, सिवाना- मदुरै – अहमदाबाद रहे।
लाभार्थी परिवार ने यह पुनीत लाभ अपने पूज्य मातुश्री स्वर्गीय श्रीमती मेनीदेवी एवं पिताजी स्वर्गीय श्री रिखबचंदजी कंकु चौपड़ा की पुण्य स्मृति में लिया व उल्लेखनीय है कि यह परिवार मातृभूमि गढ़ सिवाना, कर्मभूमि अहमदाबाद, मदुरै में भी शासन सेवा, मानव सेवा , जीवदया आदि कार्यों में सदैव अग्रणी रहता है व परिवार के जयंतीलाल, राजेन्द्रकुमार, मुकेशकुमार अपने पिताजी रिखबचंदजी के पदचिन्हों पर चलते हुए विभिन्न संस्थाओं में पदों पर रहते हुए सेवाओं का समर्पण करते आ रहे है । लाभार्थी परिवार के प्रतिष्ठान नवकार गारमेंट्स, मदुरै एवं ह्रिंकार क्लॉथिंग कम्पनी, अहमदाबाद हैं।
समारोह में जैन समाज के गणमान्य व्यक्तियों, ट्रस्ट मंडल के पदाधिकारियों, समाजबंधुओं एवं विशिष्ट आमंत्रित अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति रही। इस अवसर पर भगवान महावीर जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों द्वारा संपूर्ण लाभार्थी चौपड़ा परिवार एवं विशिष्ट आमंत्रित अतिथियों का जैन दुपट्टा एवं शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
जैन हॉस्पिटल एंड लैब्स का नया भवन मदुरै में वर्षों से संचालित चिकित्सा एवं जनसेवा के कार्यों को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस भवन के माध्यम से भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर समाज के जरूरतमंद एवं आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने का संकल्प साकार होगा। यह आयोजन जैन समाज की एकता, सहयोग, परोपकार एवं मानव सेवा की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बना। संपूर्ण समारोह श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने बताया कि करुणा और सेवा की इस पावन नींव में, हर दानदाता का पुण्य समाया है, जैन हॉस्पिटल एंड लैब्स के भूमि पूजन से, मानवता का एक नया सवेरा आया है। हार्दिक अनुमोदना उन सभी परिवार जनों की, जिनके समर्पण से यह शुभ कार्य साकार हुआ, आपका यह निःस्वार्थ दान, आने वाले कल में अनगिनत जीवनों का आधार हुआ। आगे भी इसी तरह आप सभी का सहयोग बना रहे।
दिनेश हुंडिया एवं विकास भंडारी आदि पदाधिकारी ने सभी का स्वागत किया, अंत में सभी का धन्यवाद ज्ञापन नितेश कोठारी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *