सनातन धर्म सभा एवं महारुद्र यज्ञ समिति ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

रतलाम 28 नवम्बर। महानिर्वाणी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर परम पूज्य स्वामी विशोकानन्द भारती जी महाराज के ब्रह्मलीन होने का दुःखद समाचार प्राप्त होते ही रतलाम शहर के सनातनी धर्मावलंबियों एवं भक्तजनों में शोक की लहर व्याप्त हो गई। स्वामी जी के आकस्मिक देवलोकगमन से धर्म एवं संत समाज को अपूरणीय क्षति हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूज्य स्वामी जी दिल्ली में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु गए थे। उन्होंने वहां आयोजित शोभायात्रा में भी सहभागिता की थी। किंतु आज प्रातः जब उनके शिष्य उनके कक्ष में पहुंचे तो वे अचेत अवस्था में मिले। बताया गया कि प्रातः हृदयाघात के कारण उनका देहावसान हो गया।
पूज्य स्वामी जी का संत समाज में अत्यंत उच्च स्थान था। धर्म, अध्यात्म एवं शास्त्रों का उन्हें गहन ज्ञान था। उनका व्यक्तित्व जितना विराट था, उनका व्यवहार उतना ही सरल, सहज एवं आत्मीय था। विगत दिनों स्वामी जी ने रतलाम के अखंड आश्रम में दो माह तक चातुर्मास प्रवास कर धर्म एवं अध्यात्म की पावन गंगा प्रवाहित की थी। उनके सरल, सहज एवं सटीक संवाद, तीखे किंतु सारगर्भित व्यंग्य तथा प्रेमपूर्ण उपदेशों ने रतलाम के भक्तजनों के हृदय में विशेष स्थान बना लिया था। इतने उच्च आध्यात्मिक पद पर आसीन होने के बावजूद उनके व्यवहार में तनिक भी अहंकार नहीं था। उनसे मिलने वाला प्रत्येक व्यक्ति सहज ही उनसे आत्मीय जुड़ाव महसूस करता था।
रतलाम से विदा होने के पश्चात भी स्वामी जी निरंतर यहां के भक्तों से दूरभाष पर संपर्क बनाए रखते थे तथा उनके कुशलक्षेम की जानकारी लेते रहते थे। इससे रतलाम के प्रति उनका विशेष स्नेह एवं आत्मीय लगाव स्पष्ट झलकता था। अपने अंतिम उद्बोधन में भी उन्होंने भावुक होकर कहा था कि रतलाम में उन्हें जो सम्मान, आज्ञा-अनुशासन एवं सेवा प्राप्त हुई, वैसी अनुभूति शायद ही किसी अन्य स्थान पर हुई हो। वे रतलाम से अत्यंत प्रसन्न एवं संतुष्ट होकर विदा हुए थे।
रतलाम वासियों को ऐसा अनुभव होने लगा था कि उनके ऊपर एक महान संत का स्नेहिल संरक्षण एवं आशीर्वाद बना हुआ है। लंबे समय के पश्चात रतलाम में चातुर्मास का आयोजन हुआ था और इस आध्यात्मिक परंपरा का पुनः शुभारंभ भी पूज्य स्वामी जी के रतलाम आगमन से ही हुआ था। आज उनके ब्रह्मलीन होने से ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो रतलाम ने अपना एक आत्मीय आध्यात्मिक मार्गदर्शक खो दिया हो। उनकी स्मृतियां और उनके उपदेश सदैव भक्तजनों के हृदय में जीवित रहेंगे।
पूज्य स्वामी जी के ब्रह्मलीन होने पर अखंड आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी श्री देवस्वरूपानंद जी महाराज, श्रृंगेरी मठ के स्वामी श्री आत्मानंद जी महाराज तथा सनातन धर्म सभा की ओर से अध्यक्ष श्री अनिल झालानी सहित अनेक श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों ने गहन शोक व्यक्त करते हुए अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्रह्मलीन स्वामी जी का पार्थिव शरीर दिल्ली से बीकानेर ले जाया जा रहा है, जहां वे राजगुरु के रूप में प्रतिष्ठित थे। वहीं आगामी दिवस उनकी समाधि क्रिया संपन्न होगी।
श्री सनातन धर्म सभा एवं महारुद्र यज्ञ समिति, रतलाम की ओर से समस्त सनातनी धर्मावलंबियों की भावनाओं के साथ पूज्य स्वामी जी के श्रीचरणों में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा परमात्मा से प्रार्थना की गई कि दिवंगत संतात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं समस्त भक्तजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
समिति द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि स्वामी जी की समाधि क्रिया के पश्चात रतलाम स्थित अखंड आश्रम में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें उनके जीवन, कृतित्व, धर्म सेवा एवं रतलाम प्रवास से जुड़ी स्मृतियों का भावपूर्ण स्मरण करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।