- रतलाम, सैलाना और बाजना में जनजातीय संस्थाओं के निर्माण कार्यों के लिए 15 करोड़ 43 लाख 45 हजार रुपए की राशि स्वीकृत
- विद्यार्थियों को खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध होगी
रतलाम 27 नवंबर । सितंबर माह में आयोजित जनविश्वास शिविर के दौरान कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया द्वारा कन्या शिक्षा परिसर सैलाना का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान विद्यार्थियों ने खेलकूद के लिए मैदान एवं अन्य सुविधाओं की मांग रखी थी। कलेक्टर द्वारा जिले के प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह को विद्यार्थियों की मांग से अवगत कराया गया। इसके बाद 30 सितंबर को प्रभारी मंत्री के रतलाम प्रवास के दौरान कन्या शिक्षा परिसर सैलाना का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को शीघ्र खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी।
प्रभारी मंत्री एवं कलेक्टर के प्रयासों से रतलाम जिले के दोनों कन्या शिक्षा परिसर, सैलाना एवं रतलाम में इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और ऑडिटोरियम निर्माण की स्वीकृति मिली है। इसके साथ ही क्रीड़ा परिसर बाजना में भी इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण स्वीकृत किया गया है।
मध्यप्रदेश शासन, जनजातीय कार्य विभाग मंत्रालय भोपाल द्वारा राज्य शासन से संचालित संस्थाओं में नवीन भवन निर्माण कार्यों के लिए 946 करोड़ 78 लाख 68 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
रतलाम जिले में 5 प्रमुख निर्माण कार्यों के 15 करोड़ 43 लाख 45 हजार रुपए की राशि स्वीकृत
जिले में स्वीकृत प्रमुख निर्माण कार्यों में बालक क्रीड़ा परिसर, बाजना (विकासखंड बाजना) में इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए 3 करोड़ 61 लाख 15 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार, माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, रतलाम में इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए 3 करोड़ 61 लाख 15 हजार रुपए तथा माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, सैलाना में इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए 3 करोड़ 61 लाख 15 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई है।
इसके अतिरिक्त, माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, रतलाम में ऑडिटोरियम निर्माण के लिए 2 करोड़ 30 लाख रुपए तथा माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, सैलाना में ऑडिटोरियम निर्माण के लिए 2 करोड़ 30 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
इस प्रकार रतलाम जिले में इन पांच प्रमुख निर्माण कार्यों के लिए कुल 15 करोड़ 43 लाख 45 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन निर्माण कार्यों से जनजातीय विद्यार्थियों को खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।