- टोल पर जाम से मिलेगी राहत, कैश-फास्टैग लेन होंगी अलग-अलग
- कलेक्टर ने बिलपांक टोल प्लाजा का किया निरीक्षण, दिए निर्देश


रतलाम 27 नवंबर । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने रतलाम-बदनावर मार्ग स्थित बिलपांक टोल प्लाजा का निरीक्षण कर वहां यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम एवं वाहन चालकों को हो रही असुविधा के संबंध में जानकारी ली।
निरीक्षण में सामने आया कि कैश लेन और फास्टैग लेन अलग-अलग नहीं होने के कारण कैश भुगतान करने वाले वाहनों की वजह से फास्टैग उपयोगकर्ताओं को भी इंतजार करना पड़ता है। इससे वाहनों की कतार लगती है और जाम की स्थिति निर्मित होती है। इस समस्या के निराकरण के लिए कलेक्टर ने कैश एवं फास्टैग लेन की अलग-अलग व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
नई व्यवस्था में 8 के स्थान पर होंगे 9 गेट
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि रतलाम से बदनावर की ओर जाने वाले मार्ग पर कुल 5 गेट रहेंगे। इनमें 3 गेट पूरी तरह फास्टैग वाहनों के लिए निर्धारित होंगे, जबकि 2 गेट कैश एवं हाइब्रिड लेन के रूप में संचालित होंगे। हाइब्रिड लेन में कैश भुगतान के साथ फास्टैग वाले वाहन भी निकल सकेंगे।
इसी प्रकार बदनावर से रतलाम की ओर जाने वाले मार्ग पर कुल 4 गेट रहेंगे। इनमें 2 फास्टैग लेन तथा 2 कैश एवं हाइब्रिड लेन रहेंगी। इस प्रकार टोल प्लाजा पर वर्तमान में संचालित 8 गेटों की संख्या बढ़कर 9 हो जाएगी।
वीआईपी लेन समाप्त कर सामान्य व्यवस्था में शामिल होगी
कलेक्टर ने टोल प्लाजा के बीच में बनाई गई वीआईपी लेन को समाप्त कर उसे रतलाम से बदनावर जाने वाले मार्ग की व्यवस्था में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीआईपी लेन की आवश्यकता नहीं है, इसके स्थान पर आम वाहन चालकों की सुविधा और यातायात के सुचारू संचालन को प्राथमिकता दी जाए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को नई व्यवस्था आगामी 10 दिनों के भीतर लागू करने के निर्देश दिए, ताकि टोल प्लाजा पर जाम की समस्या कम हो और वाहन चालकों को अनावश्यक इंतजार से राहत मिल सके।