कलेक्टर ने बड़ावदा में बालक छात्रावास, कन्या आश्रम एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण






रतलाम 27 नवंबर । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने बड़ावदा में अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास, विमुक्त जाति कन्या आश्रम छात्रावास एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं कार्रवाई के निर्देश दिए।
विमुक्त जाति कन्या आश्रम छात्रावास के निरीक्षण के दौरान जर्जर भवन की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि छात्रावास को 15 दिवस के भीतर अन्य भवन में शिफ्ट किया जाए। इसके लिए पुराने उप स्वास्थ्य केंद्र भवन पर विचार करते हुए आवश्यक योजना तैयार करें। उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वैकल्पिक भवन में शिफ्टिंग की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने 50 सीटर अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में बच्चों से भोजन की गुणवत्ता एवं उपलब्ध कराए जा रहे खाने के संबंध में जानकारी ली।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने नर्सिंग स्टाफ की कमी की जानकारी दी। कलेक्टर ने इस संबंध में सीएमएचओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर का सीमांकन कराने के लिए एसडीएम को निर्देशित किया। सीमांकन के पश्चात अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने तथा पक्के अतिक्रमण को प्राथमिकता से हटाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अस्पताल में प्रसव की स्थिति, ओपीडी व्यवस्था एवं ओपीडी रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने चिकित्सकों की ड्यूटी दिवसवार निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एसडीएम श्री विवेक सोनकर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।