पर्यावरण तथा मतदाता जागरूकता के लिये वार्ड क्रमांक तीन में किया गया अनूठा नवाचार

रतलाम । त्रिस्‍तरीय पंचायत निर्वाचन एवं नगरीय निकाय निर्वाचन अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान में विभिन्‍न नवाचारों के साथ मतदाताओं को मताधिकार का शत-प्रतिशत प्रयोग करने के लिये प्रोत्‍साहित किया जा रहा है।
सेंस प्लान नोडल अधिकारी विनीता लोढा के नेतृत्व में बुधवार को रतलाम शहर के वार्ड क्र. 03, सेक्टर इंदिरा नगर में महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा मतदाता जागरूकता हेतु एक अनूठा नवाचार किया गया जिसमे मतदाताओं को मतदान के लिये आमंत्रित करने हेतु आमंत्रण कार्ड बीजों से तैयार किए गए। आमंत्रण कार्ड को सिर्फ गमले या मिट्टी के बीच दबाना है। इसके बाद उससे नीम, सहजना नींबू और आंवला आदि का पौधा लग जाएगा। इससे आमंत्रण के साथ-साथ पर्यावरण का भी लाभ मिलेगा। साथ ही उपस्थित वार्डवासियों ने रंगोली भी बनाई गई तथा सभी को मतदान करने हेतु संकल्‍प सूत्र भी बांधे गये और उनसे संकल्‍प लिया गया कि वे मतदान अवश्‍य करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी निवासियों के घर-घर संपर्क कर दिव्‍यांग, बुजुर्ग, नवमतदाता, महिलाएं, युवा आदि को पीले चावल और इको फ्रेंडली आमंत्रण कार्डो का वितरण कर शत-प्रतिशत मतदान हेतु आग्रह किया गया। इस प्रयास को सभी के द्वारा सराहा गया। अंत में सभी को शत-प्रतिशत मतदान हेतु शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर म.प्र. जन अभियान परिषद के जिला समन्‍वयक श्री रत्‍नेश विजयवर्गीय, क्षेत्रीय पर्यवेक्षक वनीता सिंधु, आंगनबाडी कार्यकर्ता आशा पुरी, किरण मैहरा, वनीता कटारिया, सहायिका मीना अटारिया, ट्रीजा खंडेलवाल, कांता गोमें, रेहाना खानम, सहित वार्ड वासी बडी संख्‍या में उपस्थित रहे।

Play sound