रतलाम । रतलाम जिले में राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम अंतर्गत दंपत्ति संपर्क पखवाडा दिनांक 27 जून से 10 जुलाई 2022 तक आयोजित किया जा रहा है। पखवाडे के दौरान परिवार कल्याण के ईच्छुक दंपत्तियों से संपर्क कर परिवार कल्याण के साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत इस वर्ष का नारा ‘परिवार नियोजन का अपनाओ उपाय, लिखो तरक्की का नया अध्याय’ निर्धारित किया गया है ।
सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे ने बताया कि 11 जुलाई से 11 अगस्त तक जनसंख्या स्थिरता माह का आयोजन किया जा रहा है अभियान के दौरान जिले के स्वास्थ्य कार्यकर्ता योग्य दंपतियों को उनकी पसंद के परिवार कल्याण के साधनों के लिए प्रेरित करेंगे और परिवार कल्याण की सेवाऐं प्रदान करेंगें। नोडल अधिकारी डॉ. जी.आर. गौड ने बताया कि परिवार कल्याण के स्थायी साधन के रूप में प्रसव पश्चात सात दिन के अंदर ऑपरेशन कराने वाले दंपति को 3000 रूपये तथा प्रेरक को 400 रूपये दिए जाएंगे पुरूष परिवार कल्याण ऑपरेशन कराने वाले दंपति को 3000 रूपये तथा प्रेरक को 400 रूपये दिए जाएंगे । जबकि सामान्य रूप से परिवार कल्याण ऑपरेशन कराने वाले दंपति को 2000 रूपये तथा प्रेरक को 300 रूपये दिए जाएंगे । बच्चों के जन्म में अंतर रखने के लिए अंतरा इंजेक्शन लगवाने पर हितग्राही महिला को 100 रूपये तथा प्रेरक को 100 रूपये की राशि दी जाती है । साप्ताहिक गर्भनिरोधक गोली छाया एवं माला एन तथा निरोध की प्रदायगी भी माह में की जाएगी ।