रतलाम । स्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत रतलाम जिले के सैलाना एवं बाजना विकासखंड में शुक्रवार को मतदान प्रक्रिया हुई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी तथा जिला पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी ने सैलाना-बाजना क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया ।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारों को व्यवस्थित करने तथा मतदान कार्य को व्यवस्थित रूप से करने संबंधी निर्देश अमले को दिए। कलेक्टर द्वारा मतदान केंद्र सैलाना के मकोडियारुंडी, चावड़ा खेड़ी, कुंडा, धबाईपाड़ा, भीलों की खेड़ी, बाजना के छावनीझोड़िया का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान कार्य में तेजी लाने के लिए पीठासीन अधिकारियों को निर्देशित किया। लोगों को कतारबद्ध कर मतदान दलों द्वारा संपन्न की जा रही कार्रवाई का बारीकी से निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मतदान दलों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया तथा अनावश्यक रूप से उपस्थित लोगों को परिसरों से हटवाया। इस दौरान कलेक्टर एसपी ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा भी लिया। उन्होंने बाजना में कम्युनिकेशन रूम का निरीक्षण किया तथा तहसीलदार और जनपद सीईओ से मतदान प्रक्रिया से संबंधित जानकारी ली। इस दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद थे।