रतलाम । कलेक्टर श्री नरेन्द्र सूर्यवंशी की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण समिति की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री एम.एल. आर्य, निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री रजनीश सिन्हा, सहायक संचालक श्री रविन्द्र कुमार मिश्रा, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष श्री सुधीर कुमार निगम, सदस्य बाल कल्याण समिति, सदस्य किशोर न्याय बोर्ड, अधीक्षिका बालिका गृह, सदस्य बालगृह, सदस्य सिटी चाईल्ड लाईन, रेलवे चाईल्ड लाईन आदि उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने समेकित बाल संरक्षण योजनान्तर्गत रिक्त पदों की पूर्ति हेतु संचालनालय महिला एवं बाल विकास को अर्द्धशासकीय पत्र जारी करने के निर्देश दिए। बालिकागृह में निवासरत 18 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं की काउंसलिंग कर पुनर्वास के सम्बन्ध में चर्चा की गई। संस्थाओं में निवासरत अन्य जिले, अन्य राज्य के बालकों के स्थानान्तरण हेतु सामाजिक अन्वेषण रिपोर्ट जल्द प्राप्त करने तथा कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। शिशु गृह में निवासरत शिशुओं को लीगल फ्री एवं मेडिकल परीक्षण जल्द करवाने, बालकों को कारा के पोर्टल पर अपलोड किए जाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर द्वारा श्रम विभाग एवं चाईल्ड लाईन के माध्यम से स्ट्रीट चिल्ड्रन को शिक्षा से जोडने हेतु शासकीय विद्यालयों एवं सीएम राईज विद्यालयों से जोडने, भिक्षावृत्ति एवं नशामुक्ति का संयुक्त अभियान चलाने हेतु एक टीम का गठन करने के निर्देश दिए। बालगृह एवं बालिकागृह में निवासरत बालकों के जाति प्रमाण पत्र एवं समग्र आईडी बनवाने हेतु नगर निगम से सम्पर्क कर कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।