- कल्याणकारी योजनाओं में हितग्राहियो को लाभान्वित करने का सिलसिला प्रारंभ किया गया
- जिले में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान प्रारंभ हुआ

रतलाम । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर 17 सितंबर से जिले में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का शुभारम्भ कर दिया गया है। शनिवार को रतलाम रंगोली सभागृह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन सामाजिक न्याय विभाग द्वारा नि:शुल्क दिव्यांग कल्याण शिविर आयोजित किया गया जिसमें 75 दिव्यांगों को 104 सहायक अंग उपकरणों का वितरण किया गया। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को 17 सितंबर से प्रारंभ हुए मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत शिविर में लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर सांसद श्री गुमानसिंह डामोर, विधायक श्री चैतन्य काश्यप, विधायक श्री दिलीप मकवाना, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई, कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी, जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, निगमायुक्त श्री अभिषेक गहलोत, उप संचालक सामाजिक न्याय श्रीमती संध्या शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एस.एच. चौधरी, महिला बाल विकास श्री रजनीश सिन्हा, परियोजना अधिकारी श्रीमती चेतना गहलोत, एनआरएलएम जिला प्रबंधक श्री हिमांशु शुक्ला, सांसद प्रतिनिधि श्री समरथ पाटीदार, श्री राजेंद्र पाटीदार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री कमलेश जमरा आदि उपस्थित थे। भारत शासन की एडीप योजना के अंतर्गत एलिम्को के सहयोग से आयोजित उक्त शिविर में दिव्यांगों का परीक्षण भी किया गया।
इस अवसर पर सांसद श्री गुमान सिंह डामोर ने अपने संबोधन में केंद्र तथा राज्य शासन द्वारा दिव्यांग कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का जिक्र किया, जिनसे दिव्यांगों को और प्रकार की सहायता तथा मान सम्मान मिल रहा है। श्री डामोर ने बताया कि लगभग 19 प्रकार की पेंशन योजनाएं संचालित की जा रही है। 17 सितंबर से प्रारंभ हो रहे मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का जिक्र करते हुए श्री डामोर ने कहा कि अभियान में 33 योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिया जाएगा। श्री डामोर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि हमारा देश विश्व की सबसे मजबूत आर्थिक शक्ति बने, इसके लिए सभी वर्गों को सशक्त किया जा रहा है।
विधायक श्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की जा रही है। रोजगार विकास से लेकर अन्य सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। दिव्यांग कल्याण के क्षेत्र में भी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। दिव्यांगों को जो भी आवश्यकता है उसकी पूर्ति की जा रही है। रतलाम शहर में पूर्व में भी दिव्यांगों की सहायता के लिए शिविर आयोजित किए गए हैं जिनमें विधायक निधि से भी सहयोग राशि उपलब्ध कराई जाकर दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल उपलब्ध कराई गई है। श्री काश्यप ने कहा कि दिव्यांगजनों द्वारा जीवन क्षेत्र में सभी कार्य किए जाते हैं। दिव्यांगों द्वारा कई ऐतिहासिक कार्य किए जाकर मिसाल कायम की गई है, दिव्यांग कोई भी ऊंचाई हासिल कर सकते हैं।
विधायक श्री दिलीप मकवाना ने कहा कि शासन की योजनाओं द्वारा दिव्यांगों के कल्याण के लिए उपलब्ध कराए जा रहे सहायक अंग उपकरणों से उनका जीवन आसान होता है। श्री मकवाना ने मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत किए जाने वाले कार्यों का भी जिक्र किया। प्रारंभ में श्री आनंद कातरकर द्वारा शिविर आयोजन की रूपरेखा से अवगत कराया गया।
शिविर में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान द्वारा विभिन्न योजनाओं में हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इनमेंमुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत दो हितग्राहियों को 40 लाख रुपए की ऋण सहायता, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत दो स्वयं सहायता समूहों को 3 लाख 86 हजार रूपए का क्रेडिट लिंकेज, उज्जवला योजना में दो हितग्राहियों को रसोई गैस, संबल योजना में दो हितग्राहियों को संबल कार्ड, मुख्यमंत्री स्ट्रीट वेंडर योजना में दो हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपए की ऋण सहायता, स्वच्छ भारत मिशन में दो हितग्राहियों को 12-12 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में एक हितग्राही को 9 लॉख रुपए की वित्तीय सहायता, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना में दो हितग्राहियों को आर्थिक सहायता तथा लाडली लक्ष्मी योजना एवं मातृ वंदना योजना में भी हितग्राही लाभान्वित किए गए। कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष दशोत्तर द्वारा किया गया।