प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिवस पर जिले में करीब 5 हजार महिलाओं ने किया लगभग 60 हजार पौधों का रोपण

रतलाम । प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितम्बर को रतलाम जिले में स्वयं सहायता समूहों की करीब 5 हजार महिलाओं ने लगभग 60 हजार पौधों का रोपण कर मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का शुभारम्भ किया। कलेक्टर श्री नरेन्द्र सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं को जिला उद्यानिकी विभाग तथा अन्य स्त्रोतों से विविध प्रजातियों के पौधे रोपण के लिए उपलब्ध कराए गए।
सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिडे द्वारा भी मैदानी क्षेत्र में पहुंचकर समूहों की सदस्याओं के साथ पौधारोपण किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री हिमांशु शुक्ला ने बताया कि स्वसहायता समूहों द्वारा विभिन्न ग्रामों में आयोजित कार्यक्रमों के तहत वृहद स्तर पर व्यक्तिगत एवं सामूहिक पौधारोपण किया गया। समूह सदस्यों द्वारा अपनी आमदनी में वृद्धि के उद्देश्य से अपने निजी खेतों पर थाई अमरुद, संतरे व अन्य फलदार प्रजाति के लगभग 29 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया।
मनरेगा योजना से लिए गए सामाजिक वानिकी के तहत जिले के विभिन्न विकासखण्डों में स्वसहायता समूहों द्वारा जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में 34 हजार से ज्यादा फलदार एवं औषधिय पौधों का रोपण किया गया। सामुदायिक प्रशिक्षण केन्द्र जावरा में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई चन्द्रवंशी की उपस्थिति में समूहों की सदस्याओं के साथ एवं ग्राम बांगरोद में समूह द्वारा संचालित कम्युनिटी न्यूट्रीशन गार्डन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती जमुना भिडे की उपस्थिति में 500 फलदार थाई अमरुद का पौधारोपण किया गया।
58 अमृत सरोवरों में मत्स्य बीज डाला गया
मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के शुभारम्भ अवसर पर जिले के 58 अमृत सरोवरों में मत्स्य बीज डाला गया। मत्स्य पालन विभाग द्वारा प्रदर्शन हेतु आत्मा विभाग के सहयोग से 4 हजार मत्स्य बीज प्रति अमृत सरोवर उपलब्ध कराया गया है। सेवा पखवाडे के तहत चयनित समूहों द्वारा विकासखण्ड सैलाना में 16, आलोट में 8, जावरा में 8, रतलाम में 10, बाजना में 5 एवं पिपलौदा में 1 अमृत सरोवरों के तालाब में मत्स्य बीज डाला गया है। उपरोक्त तालाबों में मछली पालन से समूह सदस्यों की आमदनी में वृद्धि के साथ-साथ तालाबों का रखरखाव भी उचित प्रबंधन से हो सकेगा।

Play sound