
रतलाम 20 फरवरी 2024। शासन की भगवान बिरसा मुंडा योजना रतलाम जिले के जनजातीय वर्ग के युवाओं के लिए वरदान साबित हुई है। योजना की मदद से जनजातीय वर्ग के युवा अपने आर्थिक उत्थान की दिशा में आगे बढ़ गए हैं। योजना से युवाओं को व्यवसाय के लिए बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाता है। यह राशि उन युवाओं के लिए वरदान साबित हो रही है जो अपने आर्थिक उत्थान के लिए कुछ अच्छा करना चाहते हैं, व्यवसायी बनना चाहते हैं परंतु पास में पूंजी नहीं होती है ऐसे युवाओं के लिए बिरसा मुंडा योजना ने राह प्रशस्त कर दी है।
रतलाम जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूरस्थ ग्राम बासिंद्रा के जनजातीय युवक जगदीश मुनिया भी अब सफल व्यवसायी बन गए हैं, उनको शासन की बिरसा मुंडा योजना से मदद मिली है। जगदीश को लगभग 15 लाख रुपए का ऋण योजना के माध्यम से प्राप्त हुआ जिसका सदुपयोग करते हुए जगदीश ने अपनी छोटी सी बिल्डिंग मटेरियल की दुकान को विस्तार दे दिया है। अब माँ नंदेश्वरी बिल्डिंग मटेरियल के नाम से जगदीश मुनिया की दुकान अपने गांव में एक विशेष पहचान रखती है। जगदीश बताते हैं कि गांव में बिल्डिंग मटेरियल की पूर्व से कोई दुकान नहीं थी जब उन्होंने देखा कि गांव तथा आसपास के गांवों में बिल्डिंग मटेरियल की आवश्यकता होती है और रहवासी दूर रतलाम अथवा शिवगढ़ से बिल्डिंग मटेरियल खरीद के लाते हैं जिसमें उनको ज्यादा पैसा लगता है, समय भी लगता है तब पोस्ट ग्रेजुएट जगदीश ने इस अवसर को पहचान कर अपनी छोटी सी बिल्डिंग मटेरियल की दुकान गांव में प्रारंभ कर दी परंतु पास में पूंजी नहीं होने से वह अपनी दुकान में भरपूर सामग्री नहीं रख पा रहे थे, ग्राहक खाली जाते थे।
इसी बीच बिरसा मुंडा योजना के आने के बाद जगदीश की तरक्की के द्वार खुल गए। जगदीश ने योजना के तहत आवेदन किया, उनका प्रकरण स्वीकृत होकर 15 लाख रुपए ऋण राशि लगभग 6 माह पूर्व उनके बैंक खाते में आ गई। अब जगदीश की चिंता दूर हो गई, उन्होंने अपनी दुकान में भरपूर बिल्डिंग मटेरियल भरना शुरू कर दिया। अब वे अपनी दुकान में रेती, सीमेंट, सरिया, नल फिटिंग के आइटम आदि सामग्री रखते हैं, दुकान बहुत अच्छे से चल रही है। योजना की मदद, अपने मधुर व्यवहार और मेहनत से जगदीश ने दुकान को स्थापित कर दिया है, इसके लिए जगदीश प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद देता है। उनका आभारी है कि उनकी योजनाओं के कारण से उसका जीवन सफल हो गया है। जगदीश का मोबाइल नंबर 90096-60916 हैं।