



रतलाम 07 मार्च 2024। विकास आयुक्त हथकरघा वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार के प्रायोजन में जिला प्रशासन रतलाम द्वारा साड़ी वाकथान का आयोजन गुरुवार को रतलाम में किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष भाजपा श्री प्रदीप उपाध्याय, श्रीमती अनीता कटारिया, सुश्री भारती पाटीदार, सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एनआरएलएम के जिला प्रबंधक श्री जेपीएस चौहान, महिला बाल विकास अधिकारी श्री रजनीश सिन्हा, सहायक संचालक सुश्री अंकिता पंड्या आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव द्वारा उपस्थितजनों को मतदान की शपथ दिलाई गई।
श्री प्रदीप उपाध्याय ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत साड़ी वाकथान हमारी संस्कृति से प्रेरित है। सांस्कृतिक प्रोत्साहन इस आयोजन का उद्देश्य है, मातृशक्ति प्रेरणा देती है। श्री उपाध्याय ने कहा कि हम अपने अधिकारों के उपयोग के साथ कर्तव्य को पूर्ण करने में भी सजग रहे। साड़ी वाकथान गुलाब चक्कर से प्रारंभ होकर कालिका माता मंदिर परिसर होते हुए जिला पंचायत से वापस गुलाब चक्कर पहुंची।
भारत की विरासत को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से विकास आयुक्त कपड़ा मंत्रालय द्वारा भारत साड़ी वाकथान प्रायोजित किया गया। इस आयोजन से हथकरघा समुदाय को साड़ी बनाने की पुरानी परंपरा पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित कर अधिक से अधिक आय में वृद्धि करने की संभावनाएं है। भारत साडी वाकथान हमारे बुनकरों के समर्पण को उजागर करते हुए प्रत्येक कृति के पीछे के शिल्प कौशल को बढ़ावा देने का उद्देश्य है। इसी परिप्रेक्ष्य में संत रविदास मध्यप्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर 7 मार्च को प्रत्येक जिले में एक हजार महिलाओं को एकत्रित कर भारत साड़ी वाकथान का आयोजन किया गया। साड़ी वाकथान का उद्देश्य भारत भर के कारीगरों को सम्मानित करना है जो साड़ी बनाने में कई सप्ताह बिताते हैं और पूरे भारत की विभिन्न शैलियों और बुनाई का जश्न मना सकते हैं। हैंडलूम साड़ी वॉक का प्रमुख उद्देश्य साड़ी पहनने की पारंपरिक कला को जीवन्त रखना, हैंडलूम क्षेत्र को बढ़ावा देना, एक स्वस्थ आदत के रूप में चलने को प्रोत्साहित करना और सामाजिक पूंजी को बढ़ावा देना है।