नोडल अधिकारियों की बैठक सम्पन्न

रतलाम 16 अप्रैल 2024। लोकसभा निर्वाचन 2024 के दृष्टिगत कलेक्टर श्री राजेश बाथम ने नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्देशित किया कि सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन समय सीमा में करें। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर श्री आर.एस. मंडलोई तथा संबंधित नोडल अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री बाथम ने नोडल अधिकारियों से उनके कार्य दायित्वों के अद्यतन निर्वाह के संबंध में जानकारी प्राप्त की, कार्य प्रगति से अवगत हुए। मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के प्रकाश में सभी कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जाए। मास्टर ट्रेनर गंभीरता के साथ प्रशिक्षण प्रदान करें। कलेक्टर ने मतदान केन्द्रों की तैयारी की भी समीक्षा की। मतदान दिवस पर की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देशित किया। अधिकारियों को चेक लिस्ट बनाने के निर्देश दिए। संवेदनशील, अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर की जाने वाली व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा संवेदनशील, अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा पुलिस की तैनाती के संबंध में अवगत कराया गया। शैडो एरिया के संबंध में बताया गया कि जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र सैलाना में सात, रतलाम ग्रामीण में दो तथा जावरा में एक शैडो एरिया है जहां पर रनर की व्यवस्था की जाएगी। लोकसभा निर्वाचन के लिए विभिन्न निगरानी दलों जैसे स्थैतिक निगरानी दल, फ्लाइंग स्क्वाड, एमसीएमसी आदि की तैनाती तथा उनके द्वारा की जाने वाली कार्रवाइयों के संबंध में कलेक्टर ने निर्देशित किया, पुलिस, रेलवे, आबकारी, आयकर इत्यादि विभागों द्वारा की जाने वाली कार्रवाई की समीक्षा भी की गई।
लोकसभा निर्वाचन के दौरान विशेष पुलिस अधिकारियों की तैनाती युक्तियुक्त ढंग से करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन के संबंध में आयोग को प्रतिदिन निर्धारित प्रारूप में जानकारी भेजना सुनिश्चित करने को कहा।