- विभिन्न जिलो में आत्मरक्षा शिविर आयोजित करवा प्रदेश की हजारों बालिकाओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण
- मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री प्रद्युमनसिंह तोमर एवं विशेष अतिथि पूर्व हेल्थ क्वीन एवं सोशियो एंटरप्रेन्योर पूजा चोपड़ा रहे उपस्थित


रतलाम। मध्यप्रदेश एमेच्योर कराटे एसोसिएशन, प्रदेश की एकमात्र कराटे एसोसिएशन जो कि राष्ट्रीय कराटे महासंघ (कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया, KAI )से मान्यता प्राप्त है द्वारा ग्वालियर में आयोजित राष्ट्रीय कराटे प्रतिस्पर्धा में शहर के युवा उद्योगपति वरुण पोरवाल को प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमनसिंह तोमर की उपस्थिति में नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया l इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युमनसिंह तोमर ने पोरवाल को नियुक्ति पत्र प्रदान कर चेयरमैन बनने पर बधाई देते हुए संगठन को यथासंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया एवं खेलों के महत्व को बताया।
उद्योगपति एवं चेयरमैन वरुण पोरवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि चेयरमैन पद एक बहुत बड़ी जवाबदारी है एवं वे इसका पूर्ण रूप से निर्वाह कर कराटे के प्रति प्रदेश के हर जिले एवं तहसील स्तर पर प्रतिस्पर्धा आयोजित कर समाज में जागरूकता लाएंगे। साथ ही मुख्य रूप से प्रदेश भर में वैश्य समाज एवं अन्य समाज की बालिकाओं की आत्मरक्षा हेतु तीन दिन के प्रशिक्षण शिविर सभी जिलों में आयोजित किए जाएंगे जिससे कि हमारे प्रदेश की बालिकाएं अपनी आत्मरक्षा करने में सक्षम बन सके। पोरवाल के चेयरमैन पद पर नियुक्त होने पर प्रदेश एवं शहर के कई औद्योगिक एवं सामाजिक संगठनों ने बधाई संदेश प्रेषित किए, साथ ही अंतराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन मध्यप्रदेश द्वारा वैश्य समाज की 50 हजार से अधिक बालिकाओं को आत्मरक्षा शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर विशेष अतिथि पूर्व हेल्थ क्वीन एवं सोशियो एंटरप्रेन्योर पूजा चोपड़ा एवं कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष जयदेव शर्मा,सचिव पारितोष शर्मा, उपाध्यक्ष नीतू शर्मा , आराधना मालवीय आदि पदाधिकारी भी उपस्थित रहे l