वृद्धों के खिले चेहरे तो कोई झूम उठा

रतलाम 18 जनवरी । रतलाम जिले में आनंद विभाग द्वारा वृद्धाश्रम में आनंद उत्सव का उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया । आनंद संस्थान की जिला समन्वयक सीमा अग्निहोत्री ने बताया कि आश्रम वासियों को अपने बचपन में वापस लौटने के आनंद उत्सव का इंतजार था। उनकी रुचि को ध्यान में रखते हुए सर्वप्रथम सुंदरकांड रखा गया। आश्रम के वृद्ध महिला-पुरुषों ने गाकर, नाचकर उत्साहपूर्वक सहभागिता कर उत्सव को जीवंत बना दिया। हँसी-खुशी, आपसी अपनत्व और सामूहिक सहभागिता के साथ आनंद का वातावरण देखने को मिला। वृद्धाश्रम के 19 महिला पुरुषों की देखभाल करने वाली गायत्री बाई ने बताया कि यह आयोजन जन्मदिन के उपहार जैसा था। पावागढ़ की रहने वाली अम्मा ने जब गरबा गाने का कहा तो सभी महिलाएं झूम कर नाच उठीं ।
कार्यक्रम में आनंद विभाग के मास्टर ट्रेनर मधु परिहार, गिरीश सारस्वत,आनंद सहयोगी सुरेन्द्र अग्निहोत्री,जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय, उपेंद्र रंजन वैराटी, मंजुला माहेश्वरी पूनम ढलवानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। रेड क्रॉस के डायरेक्टर हेमंत मूणत ने सभी के चेहरों पर आनंद लाने के लिए आनंद विभाग का आभार व्यक्त किया ।