जावरा में सफाई व्यवस्था बदहाल, पार्षद ने नगर पालिका को सौंपा ज्ञापन

जावरा (अभय सुराणा) । जावरा शहर में लगातार बिगड़ती सफाई व्यवस्था को लेकर वार्ड क्रमांक 26 के पार्षद तेजसिंह उर्फ कालू कदम ने नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सुधार की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि शहर में साफ-सफाई की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। नगर की नालियां लंबे समय से जाम पड़ी हैं और कई दिनों से उनकी सफाई नहीं की गई है। कई स्थानों पर कचरा दिनों तक नहीं उठाया जा रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद ने यह भी उल्लेख किया कि शहर में पिछले लगभग 6 महीनों से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं किया गया है, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि नगर पालिका स्तर पर स्वास्थ्य समिति की बैठकें भी नियमित रूप से आयोजित नहीं की जा रही हैं, जबकि नियम अनुसार प्रत्येक माह बैठक होना आवश्यक है, ताकि सफाई से जुड़ी समस्याओं का समय पर निराकरण किया जा सके।
पार्षद तेजसिंह कदम ने प्रशासन से मांग की है कि शहर की सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, नियमित कचरा उठान और नालियों की सफाई सुनिश्चित की जाए, साथ ही कीटनाशक दवाओं का छिड़काव शुरू किया जाए, जिससे शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *