महावीर गौतम प्रसादी गृह योजना को मिल रहा समाज का भरपूर सहयोग

कई परिवारों ने की भोजन की गुणवत्ता की सराहना, सेवा लाभ हेतु बढ़ रहा उत्साह

जावरा ((अभय सुराणा)) । जावरा नगर में प्रारंभ की गई “महावीर गौतम प्रसादी गृह” योजना को समाजजनों का लगातार स्नेह एवं सहयोग प्राप्त हो रहा है। योजना प्रारंभ होने के बाद से ही कई सभ्रांत परिवारों द्वारा इसकी मुक्तकंठ से सराहना की गई। किसी ने प्रसादी वहां पहुंचकर भोजन ग्रहण किया तो कई परिवारों ने अपने घर पर टिफिन के माध्यम से भोजन मंगवाया। सभी ओर से भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सात्विक व्यवस्था की प्रशंसा की जा रही है। साथ ही योजना को और अधिक व्यवस्थित एवं दीर्घकालीन रूप से संचालित करने हेतु सुझाव एवं शुभकामनाएं भी संस्था को प्राप्त हो रहें हैं।
भोजन व्यवस्था संयोजक संदीप श्रीश्रीमाल संपूर्ण व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में जुटे हुए हैं। भोजन निर्माण से लेकर वितरण एवं टिफिन व्यवस्था तक वे सेवाभाव के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
संस्था के वरिष्ठ राजकुमार हरण ने बताया कि प्रारंभ में “रामकली चाय” जावरा के निर्माता अभय कुमार एवं अश्विन कुमार भंडारी द्वारा भोजनशाला के 5 दिवस के संचालन का लाभ लिया गया था। योजना से प्रभावित होकर उन्होंने आगे 10 दिवस का नखरा और बढ़ाने की घोषणा की है। इस प्रकार भंडारी परिवार द्वारा कुल 15 दिवस के नखरे का लाभ लिया गया है। इसके साथ ही अंबिका रिसॉर्ट के अशोक सुराणा द्वारा भी आगामी 10 दिवस के नखरे का लाभ लिया गया है। संस्था द्वारा उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे सेवा एवं साधर्मिक सहयोग की प्रेरणादायी भावना बताया गया।
संस्था को भोजन योजना के संचालन हेतु कई समाजजनों द्वारा आवश्यक खाद्य सामग्री एवं अन्य उपयोगी वस्तुओं का सहयोग भी निरंतर प्राप्त हो रहा है। आयोजकों ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता से यह सेवा कार्य और अधिक सशक्त रूप से आगे बढ़ेगा।
भोजन व्यवस्था संयोजक संदीप श्रीश्रीमाल ने बताया कि यदि कोई जैन परिवार टिफिन व्यवस्था के माध्यम से भोजन प्राप्त करना चाहता है तथा टिफिन लेने के लिए किसी अन्य व्यक्ति को भेजता है, तो समय पूर्व मोबाइल पर सूचना अवश्य दें एवं यह जानकारी भी प्रदान करें कि कौन व्यक्ति टिफिन लेने आ रहा है। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था “साधर्मिक भक्ति भावना” के अंतर्गत जैन समाज के लिए संचालित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound