- ई – श्रम पंजीयन एवं प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में अनिवार्यतः पंजीयन करवाए
- शासकीय निर्माण विभागों एवं विभाग में कार्यरत निर्माण ठेकेदारों/एजेंसियों की बैठक संपन्न


रतलाम 20 मई। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आज 20 मई को अपर कलेक्टर डॉ शालिनी श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समस्त शासकीय निर्माण विभागों एवं उनके विभाग में कार्यरत निर्माण ठेकेदारों/एजेंसियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रमिकों के प्रति मानवीय भाव अपनाए जाने एवं श्रमिकों को उपलब्ध कराए जाने वाली मूलभूत सुविधाओं के संबंध में अपर कलेक्टर डॉ श्रीवास्तव द्वारा प्रतिभागियों के साथ चर्चा की गई। बैठक में श्रमपदाधिकारी श्री सुधीश कमल सहित कुल 39 प्रतिभागी सम्मिलित हुए।
बैठक में प्रतिभागियों को निर्माण स्थल पर श्रमिकों को छायादार आश्रय, अल्पाहार, पीने के पानी, महिला एवं पुरुष के पृथक-पृथक शौचालय एवं मूत्रालय, एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार किट, स्वास्थ्य जांच सुविधा, क्रेच, सुरक्षा उपकरण जैसे हेलमेट, सेफ्टी हार्नेस, मास्क, सेफ्टी जूते इत्यादि अनिवार्य रूप से प्रदाय करने संबंधी जानकारी दी गई। बैठक में अपर कलेक्टर ने समस्त निर्माण श्रमिकों का संबल/भवन सन्निर्माण पंजीयन, ईश्रम पंजीयन एवं प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में अनिवार्यतः पंजीयन करवाए जाने के भी निर्देश दिए गए। किसी भी निर्माण स्थल पर 18 से कम आयु के व्यक्ति को नियोजित ना करने एवं समस्त निर्माण विभागों को प्रमुख नियोजक के रूप में एवं सभी निर्माण ठेकेदारों को नियमानुसार ठेकेदार पंजीयन कराए जाने के निर्देश भी दिए गए।