
रतलाम । जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती रूचि शर्मा ने बताया कि नितिन राठौर पिछले चार वर्षों से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित हॉकी फिडर सेंटर में नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्हें प्रशिक्षक श्री कृष्णागोपाल तिवारी द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
नितिन के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं खेल प्रतिभा को देखते हुए उनका चयन भारतीय खेल प्राधिकरण अकादमी में किया गया है। नितिन राठौर के पिता एक होटल में मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद नितिन ने लगातार मेहनत और लगन से हॉकी खेल में अपनी पहचान बनाई है।
नितिन राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न हॉकी प्रतियोगिताओं में सहभागिता कर चुके हैं तथा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का नाम गौरवान्वित किया है। नितिन की इस उपलब्धि पर कैबिनेट मंत्री श्री चेतन्य काश्यप, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, हॉकी एसोसिएशन, ओलंपिक एसोसिएशन अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय पहलवान श्री बलवंतसिंह भाटी द्वारा बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।