मातृ शिशु स्वास्थ्य और टीबी उन्मूलन पर कलेक्टर ने दिए निर्देश

  • शहरी स्वास्थ्य केंद्र और मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक पर रोटेशन आधारित ड्यूटी लगाने के दिए निर्देश
  • जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा

रतलाम 23 जुलाई । जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की कार्यकर्ता वार समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर ने शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर सभी प्रकार की आवश्यक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सक एवं नर्सिंग ऑफिसर की शहरी स्वास्थ्य केंद्र और मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक पर रोटेशन आधारित ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गर्भवती माताओ के पंजीयन की स्थिति, गर्भावस्था के प्रथम त्रैमास में गर्भवती माता का पंजीयन करके उनको आवश्यक स्वास्थ्य देखभाल सेवाएं प्रदान करने, नवजात शिशुओं की गृह भेंट आधारित देखभाल करने, हाई रिस्क गर्भवती माता में मॉडरेट और सीवियर एनीमिया के लिए संदर्भ सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग को अपने-अपने क्षेत्र के आंकड़ों का आपस में आदान-प्रदान कर आशा कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को संयुक्त रूप से बच्चों का पोषण आहार प्रदान करने, गर्भवती माता एवं प्रसूता माता को स्तनपान संबंधी परामर्श प्रदान करने, शत प्रतिशत टीकाकरण सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही पोषण पुनर्वास केंद्रों पर चिकित्सकों की व्यवस्था कर आवश्यक स्वास्थ्य देखभाल के लिए निर्देशित किया।
बैठक में कलेक्टर ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत अतिरिक्त पोर्टेबल एक्स-रे मशीन की व्यवस्था रेड क्रॉस के माध्यम से उपलब्ध कराने हेतु कहा। उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना योजना अंतर्गत क्षेत्र में शिविर आयोजित कर कार्ड बनवाकर प्रदान करने के निर्देश दिए। गैर संचारी रोग कार्यक्रम अंतर्गत सभी हितग्राहियों का बीपी , शुगर की जांच कर आवश्यक जांच एवं चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।
बैठक में कलेक्टर ने शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने के लिए दो ए एन एम के निलंबन का प्रस्ताव प्रस्तुत करने एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम में कम उपलब्धि प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को कारण बताओं नोटिस जारी करने के लिए निर्देशित किया गया। शहरी क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत अच्छा कार्य करने वाले दो एएनएम को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने के लिए निर्देशित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound