रतलाम । म.प्र. पर्यटन विभाग द्वारा जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के माध्यम से प्रदेश के विद्यार्थियों में प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के समृद्ध शाली इतिहास, परम्पराओं ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक रंगो, कला, प्राकृतिक समृद्धि, महापुरुषों, पर्यटन महत्व की संभावनाओं आदि से परिचित कराने तथा पर्यटन के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को विकसित करने के उद्देश्य से म.प्र. पर्यटन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जिले में जिला मुख्यालय के उत्कृष्ट उ.मा.विद्यालय सागोद रोड़ रतलाम पर 7 अगस्त 2026 को पर्यटन क्विज प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया जायेगा।
प्रतियोगिता में शासकीय/अशासकीय विद्यालयों के कक्षा 9 वीं से 12 वीं के छात्र-छात्राएं भाग ले सकते है। आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य/प्रबंधन द्वारा वस्तुनिष्ठ प्रश्नमाला एवं क्विज के माध्यम से 03 श्रेष्ठ विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित टीम का पंजीयन 25 जुलाई 2026 तक सायं 5ः30 बजे तक पोर्टल लिंक https://www.mptourism.com/tourismquiz2026/schools/ के माध्यम से ऑनलाईन पंजीयन किया जा रहा है। वर्तमान में जिले के 162 विद्यालयों द्वारा पंजीयन किया गया है तथा शेष विद्यालयो से पंजीयन कराए जाने हेतु डीएटीसीसी व शिक्षा विभाग द्वारा संपर्क किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण हेतु निर्धारित समय प्रातः 09.00 से 10.00 बजे तक पंजीयन कार्य तथा प्रातः 10.00 बजे से 12.00 बजे तक लिखित प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें 06 सर्व श्रेष्ठ टीमो का चयन द्वितीय चरण के लिए किया जायेगा। दोपहर 12 से 2.30 बजे तक मूल्यांकन किया जायेगा। द्वितीय चरण में दोपहर 2.30 से 4.30 बजे तक क्विज प्रतियोगिता मल्टीमीडिया का आयोजन किया जायेगा, जिसमें शामिल 06 टीमों (18 विद्यार्थियों) में से 03 टीमो का चयन होगा जो जिले की टॉप 03 विजयी टीम कहलायेगी। जिले की प्रथम तीन विजेता टीमों को म.प्र. राज्य पर्यटन विकास निगम के होटलों में 02 रात्रि 03 दिन तथा शेष 03 उपविजेता टीमों को 01 रात्रि 02 दिन ठहरने हेतु कूपन प्रदाय किये जायेगे, शेष सभी प्रतियोगियों को प्रमाण-पत्र एवं उपहार दिए जायेगें।
उक्त प्रतियोगिता के प्रथम चरण में लिखित क्विज के प्रश्न पत्र में पर्यटन से संबंधित परिक्षेत्र, कला संवर्धन, आध्यात्म प्राकृतिक, सांस्कृतिक परिवेश, प्रदेश में फिल्मांकित फिल्म से संबंधित प्रश्न होगें। ‘‘ आजादी का अमृत महोत्सव ’’ वर्ष होने के कारण प्रश्न पत्र में म.प्र. के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से संबंधित प्रश्न भी शामिल किये जायेंगे। द्वितीय चरण में क्विज प्रतियोगिता मल्टीमिडीया आधारित होगी जिसमें भी वीडियो के माध्यम से म.प्र. पर्यटन से संबंधित प्रश्न पूछे जावेगें। प्रत्येक विद्यालय से तीन प्रतियोगियों की एक टीम ही प्रतियोगिता में भाग ले सकेगी तथा टीम के तीनो प्रतियोगी प्रश्न पत्र को सामूहिक रूप से हल कर सकेंगे ।