एएनएम रईसा बेगम को किया तत्काल प्रभाव से निलंबित

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने पर की गई कार्यवाही

रतलाम 24 जुलाई । कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में शहरी क्षेत्र के मातृ स्वास्थ्य, टीकाकरण, शिशु स्वास्थ्य, गृह आधारित नवजात शिशु देखभाल, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, एनसीडी एवं आयुष्मान निरामयाम योजना की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि वार्ड क्रं 27 में पदस्थ एएनएम श्रीमती रईसा बेगम ने संबंधित वार्ड की गर्भवती महिलाओं का पंजीयन एवं प्रसव पूर्व जांच (एएनसी), हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं उपचार, नियमित टीकाकरण, गृह आधारित नवजात शिशु देखभाल तथा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ किरण वाडिवा द्वारा एएनएम श्रीमती रईसा बेगम वार्ड क्रं 27 रतलाम शहर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रावटी विकासखंड बाजना को मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण अधिनियम के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। निलंबन काल में श्रीमती रईसा बेगम का मुख्यालय खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सैलाना जिला रतलाम होगा एवं नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।