

रतलाम 24 जुलाई । जिले के नवीन सांदीपनि विद्यालय, बिरमावल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण 25 जुलाई को जिले के प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य विभाग मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री कुंवर विजय शाह द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय में गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के अंतर्गत “सांदीपनि उत्सव” का भी आयोजन किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी, रतलाम सिमरन सूर्यवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि लोकार्पण समारोह में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस विद्यालय भवन का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया गया है। नवीन भवन के प्रारंभ होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सर्वसुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।
विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। प्रभारी मंत्री द्वारा विद्यालय भवन का लोकार्पण कर उसका अवलोकन भी किया जाएगा।
सांदीपनि विद्यालय, बिरमावल में विद्यार्थियों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब, अत्याधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, विशाल एवं हवादार कक्षाएं, मल्टीपर्पज हॉल, संगीत कक्ष, कला, नृत्य एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की सुविधाएं, खेल मैदान, इनडोर एवं आउटडोर खेलों की व्यवस्था, ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा, सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षित परिसर, दिव्यांगजन-अनुकूल अधोसंरचना, स्वच्छ पेयजल, पृथक शौचालय, आधुनिक फर्नीचर तथा ई-लर्निंग संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।