“विद्यार्थी के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार” अभियान में जिले का उत्कृष्ट प्रदर्शन
रतलाम । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के मार्गदर्शन में रतलाम जिले ने “विद्यार्थी के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार” अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के अनिवार्य आधार बायोमेट्रिक अपडेट में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
अभियान के तहत जिले में कुल 2 लाख 69 हजार 141 विद्यार्थियों के पास आधार उपलब्ध है। इनमें से 2 लाख 39 हजार 406 विद्यार्थियों का आधार सत्यापन किया जा चुका है। वर्तमान में जिले का एमबीयू पेंडेंसी प्रतिशत मात्र 10.1 प्रतिशत है, जिसके आधार पर रतलाम ने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
जिला प्रशासन द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग, जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी तथा संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया। विद्यालय स्तर पर सतत मॉनिटरिंग, विद्यार्थियों के आधार सत्यापन एवं बायोमेट्रिक अपडेट की नियमित समीक्षा के परिणामस्वरूप यह उपलब्धि हासिल हुई है।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण, भारत सरकार के मध्य प्रदेश राज्य कार्यालय द्वारा कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया तथा जिला प्रशासन की पूरी टीम, विशेष रूप से स्कूल शिक्षा विभाग एवं जिला डीईजीएस के अधिकारियों की सराहना की गई है। जिला प्रशासन ने अभियान में सहयोग करने वाले सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यालयों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शेष विद्यार्थियों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट शीघ्र पूर्ण कराने का आह्वान किया है।