स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में दर्ज की उल्लेखनीय उपलब्धियां

राष्ट्रीय गुणवत्ता, संस्थागत प्रसव, सिकल सेल उपचार एवं टीकाकरण में जिले का उत्कृष्ट प्रदर्शन

रतलाम । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में उल्लेखनीय कार्य किए है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की गई हैं।
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के अन्तर्गत स्वास्थ्य संस्थाओं में गुणवत्ता, स्वच्छता, मरीज सुरक्षा एवं रोगी संतुष्टि में उल्लेखनीय सुधार करते हुए, गुणवत्ता मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसके अन्तर्गत जिले की कुल 08 स्वास्थ्य संस्थाओं जिनमें से 01 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा 07 आयुष्मान आरोग्य मंदिर को NQAS प्रमाण पत्र प्राप्त हुए है।
जिले में 01 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन 05 करोड़ 73 लाख रूपये की लागत से पूर्ण होकर संचालित हैं। 05 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन 11 करोड़ 50 लाख रूपये की लागत से पूर्ण होकर संचालित हैं। 41 उप स्वास्थ्य केन्द्र 20 करोड़ 14 लाख रूपये की लागत से पूर्ण होकर संचालित हैं। 04 बी.पी.एच.यू. 02 करोड़ रूपये की लागत से पूर्ण होकर संचालित हैं। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच एवं गुणवत्ता में वृद्धि हुई।
जननी सुरक्षा योजना अन्‍तर्गत संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने हेतु 26466 पात्र हितग्राहियों को 16 लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि से लाभान्वित किया गया। जिले में 99.42 प्रतिशत संस्थागत प्रसव करवाये गये है। गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसव सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान एवं रेफरल सुनिश्चित किया जा रहा है।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अन्‍तर्गत जिले के समस्त विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है, जिसके अन्तर्गत जन्मजात विकृतियों, रोगों, पोषण संबंधी समस्याओं एवं विकासात्मक विलंब की पहचान कर उपचार एवं रेफरल सुनिश्चित किया गया। बाल श्रवण योजना अन्तर्गत कुल 07 हितग्राहियों को 36 लाख 40 हजार रूपये तथा बाल हृदय उपचार योजना अन्तर्गत कुल 11 हितग्राहियों को 10 लाख 85 हजार रूपये से लाभान्वित किया गया।
सिकल सेल अन्तर्गत रतलाम जिले में चिन्हांकित कुल 128 मरीजों में से शतप्रतिशत मरीजों का उपचार किया गया जिसके आधार पर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम अन्तर्गत संचालित यू-विन पोर्टल पर 0 से 05 वर्ष के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जा रहा है, जिसके अन्तर्गत यू-बिन पोर्टल संचालन के समस्त मानको पर जिले ने प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *