30 वर्ष बाद फिर उज्जैन में होगा राष्ट्रीय अधिवेशन एवं कायस्थ महाकुंभ–2026

  • 24-25 अक्टूबर को कार्तिक मेला ग्राउंड पर देशभर से जुटेंगे कायस्थ समाजजन
  • युवा महापंचायत, नारी प्रेरणा संगम एवं राष्ट्रीय कायस्थ गौरव अवॉर्ड होंगे प्रमुख आकर्षण

उज्जैन। बाबा महाकाल की पावन नगरी एवं भगवान श्री चित्रगुप्त की प्राकट्य स्थली उज्जैन में 30 वर्ष बाद एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर का कायस्थ महाकुंभ आयोजित होने जा रहा है। राष्ट्रीय अधिवेशन एवं कायस्थ महाकुंभ–2026 का आयोजन आगामी 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को कार्तिक मेला ग्राउंड, उज्जैन में किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में देशभर से कायस्थ समाज के प्रतिनिधि एवं समाजजन शामिल होंगे।
कार्यक्रम संयोजक दिनेश ‘प्रयाग’ श्रीवास्तव ने बताया कि लगभग 30 वर्ष पूर्व उज्जैन में राष्ट्रीय स्तर का कायस्थ आयोजन हुआ था। इसके बाद अब वर्ष 2026 में पुनः उज्जैन की धरती पर यह भव्य राष्ट्रीय आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को व्यापक एवं सर्वसमावेशी स्वरूप देते हुए समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि महाकुंभ में संस्था प्रतिनिधि समागम के साथ वैवाहिक युवा-युवती, विधवा-विधुर, तलाकशुदा एवं दिव्यांग परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही समाज की युवा शक्ति को नेतृत्व एवं दिशा देने के उद्देश्य से कायस्थ युवा महापंचायत तथा मातृशक्ति की प्रतिभा, नेतृत्व और सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए कायस्थ नारी प्रेरणा संगम का आयोजन होगा।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण ‘राष्ट्रीय कायस्थ गौरव अवॉर्ड’ होगा, जिसके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में समाज एवं राष्ट्र का गौरव बढ़ाने वाली प्रतिभाओं और विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक दिनेश ‘प्रयाग’ श्रीवास्तव ने कहा कि यह आयोजन केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि कायस्थ समाज की एकता, संगठन, प्रतिभा, युवा शक्ति और मातृशक्ति को राष्ट्रीय मंच पर जोड़ने का महाअभियान है। उन्होंने देशभर के कायस्थ समाजजनों से इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागी बनने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय अधिवेशन एवं कायस्थ महाकुंभ की तैयारियों को लेकर 9 अगस्त 2026, रविवार को शाम 5 बजे भारतीय ज्ञानपीठ महाविद्यालय, माधव नगर, उज्जैन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, समितियों के गठन, दायित्व निर्धारण एवं आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
उज्जैन कायस्थ समाज ने समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों, संस्थाओं के प्रतिनिधियों, युवाओं एवं मातृशक्ति से बैठक में उपस्थित होकर अपने सुझाव एवं सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *