श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में हुआ तपस्वियों का बहुमान

रतलाम,08 अगस्त। मोह तोड़ने के लिए गुरुदेव ने मुझे गुलाब जामुन नहीं खिलाए। वे बोलते देख रे छोरा मुझसे भी बँधना मत, क्योंकि यदि बँधेगा तो भटकेगा और मोह में फँसेगा। मोह में फँस गया तो भटकता ही रह जाएगा। परम ज्ञान मोह को तोड़ने वाला और संसार से मुक्त कराने वाला होता है। भक्ति रखो, समर्पण रखो, श्रद्धा रखो पर राग मत रखो।
यह बात मालव केसरी पूज्य गुरुदेव सौभाग्यमल जी मसा के सुशिष्य रत्नपुरी के रत्न, श्रमण संघीय प्रवर्तक पूज्य श्री प्रकाश मुनिजी मसा निर्भय ने कही। शनिवार को मोहन टाकीज स्थित श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में प्रवचन देते हुए प्रवर्तकश्री ने कहा कि मनुष्य कितना मोह करता है। पत्नी का, बच्चों का, पैसे का, खाने और अनेक प्रकार के मोह में दिन-रात फंसा रहता है। लेकिन इससे कुछ हासिल नहीं होता। वास्तव में ज्ञान वही होता है, जिससे मोह कर्म टूटे। गुरूदेव मालव केसरीजी ने मोह कर्म कैसे क्षय करना, यही ज्ञान जनता को और उन्हें भी दिया है।
प्रवर्तकश्री ने कहा कि गुस्सा आए तो रोकना चाहिए। गाड़ी पर भी ब्रेक लगाओ, तो वह रुकती है, बिना ब्रेक लगाए वह नहीं रुकती। ठीक वैसे ही कर्म भी जब उदय में आता है, तो उसको रोकने का प्रयास करना चाहिए। कर्म का उदय भाव सतत चलता है। ज्ञानी लोग उदय होने वाले भावों और विचारों को मोड़ देते हैं और मोह में नहीं पडते, जबकि अज्ञानी ये नहीं समझता है। श्रेष्ठ ज्ञान ही मोह कर्म को तोड़ने के काम आता है।
प्रवर्तकश्री ने सद्गुरु मालवकेसरीजी 42 वीं पुण्यतिथि पर भक्ति, समर्पण और श्रद्धा की प्रशंसा करते हुए तप आराधकों की अनुमोदना की। उपप्रर्वतनी, महासती, प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी मसा ने भी धर्मसभा को संबोधित किया। धर्मसभा में तपस्वी सार्थक मनीष मंडलेचा का 11 उपवास, हर्ष अशोक मूणत का 12, आराध्या-ऋषभ मूणत और श्रेयांस -ऋषभ मूणत का 8-8 और नमन प्रवीण मूणत का 11 उपवास की तपस्या पूर्ण करने पर बहुमान किया गया। चातुर्मास समिति के अध्यक्ष पारसमल वोरा, इंदरमल चोपडा, कन्हैयालाल गांधी, मूलचंद चोपडा, सुरेन्द्र कुमार गादिया आदि ने तपस्वियों को शाल श्रीफल से सम्मानित किया।
इस दौरान सेवाभावी श्री दर्शनमुनिजी मसा, उपप्रर्वतनी, महासती, प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी मसा ठाणा-8 एवं महासती श्री चंदनबालाजी मसा एवं सेवाभावी श्री कल्पनाजी मसा मंचासीन रहे। संचालन चातुर्मास समिति के मंत्री रखब चत्तर ने किया। उन्होंने बताया कि 9 अगस्त रविवार को दोपहर बाल संस्कार शिविर आयोजित होगा। सभा में श्री धर्मदास जैन श्री संघ सदस्यगण, श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल ट्रस्ट, श्री सौभाग्य तीर्थ ट्रस्ट, श्री सौभाग्य जैन नवयुवक मंडल, श्री सौभाग्य प्रकाश युवक मंडल, श्री सौभाग्य जैन महिला मंडल, श्री सौभाग्य अणु बहु मंडल एवं श्री सौभाग्य प्रकाश बालक-बालिका मंडल के सदस्यगण उपस्थित रहे।