समाजसेवियों, सीएमसीएलडीपी मेंटर्स व छात्रों व नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों का हुआ सम्मान


रतलाम। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 4 जुलाई से 12 अगस्त 2026 तक आयोजित किए जा रहे स्वैच्छिकता पर्व के अंतर्गत शुक्रवार को ऐतिहासिक स्थल गुलाब चक्कर, रतलाम में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रतलाम विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष श्री गोविंद काकानी, विशेष अतिथि महर्षि संजय शिवशंकर दवे, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी से सुश्री बी.के. सीमा, आनंद विभाग से श्रीमती मधु परिहार, रेडक्रॉस सोसायटी रतलाम के डायरेक्टर श्री हेमंत मुणत एवं म.प्र. जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एल्डरमेन नगर निगम रतलाम श्री राकेश मिश्रा ने की।
कार्यक्रम में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण, स्वैच्छिकता शपथ, नशामुक्ति शपथ, स्वच्छता एवं श्रमदान तथा स्वैच्छिकता भाव से कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं के सम्मान जैसी गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी का संदेश दिया गया। समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली समाजसेवियों, सीएमसीएलडीपी मेंटर्स व छात्रों व नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी की सुश्री बी.के. सीमा दीदी ने उपस्थित जनसमुदाय को नशामुक्ति एवं स्वैच्छिकता की शपथ दिलाई।
अतिथियों ने दिया स्वैच्छिकता का संदेश
मुख्य अतिथि श्री गोविंद काकानी ने कहा कि समाज के विकास में केवल शासकीय प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि जनभागीदारी और स्वैच्छिक सेवा की भावना आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति अपने सामर्थ्य के अनुसार समाज एवं पर्यावरण सेवा, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना ही स्वैच्छिकता है
महर्षि संजय शिवशंकर दवे ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा और परोपकार की भावना सदैव से रही है। स्वैच्छिक सेवा को संस्कार से जोड़कर हम समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।
सुश्री बी.के. सीमा दीदी ने नशामुक्त एवं संस्कारवान समाज निर्माण का संदेश देते हुए कहा कि स्वयं से परिवर्तन की शुरुआत कर परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में प्रत्येक व्यक्ति अपनी भूमिका निभाए।
श्रीमती मधु परिहार ने अपने विचार रखते हुए आनंदमय एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सेवा, सहयोग और सकारात्मक सोच ही महत्वपूर्ण होता हैं।
श्री हेमंत मुणत ने समाजसेवा में सक्रिय संस्थाओं के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि स्वैच्छिक कार्य समाज की जरूरतों को समझकर उन्हें समाधान से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्री राकेश मिश्रा ने कहा कि हर घर पर तिरंगा लगाकर राष्ट्रभक्ति को प्रोत्साहित करें।
म.प्र. जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वैच्छिकता की भावना को प्रोत्साहित करना, जनभागीदारी के माध्यम से सामाजिक एवं पर्यावरणीय गतिविधियों को गति देना तथा समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का संचालन विकासखंड समन्वयक रतलाम श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने किया आभार विकासखंड समन्वयक बाजना श्री निर्मल अमलियार ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं, प्रस्फुटन समितियों के सदस्य, परामर्शदाता, समाजसेवी, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।