विप्लव जैन मित्र मंडल द्वारा 10 अगस्त को निकलेगी श्री मौजी शंकर महादेव की भव्य शाही सवारी

  • कई मंत्री और विधायक सहित कई दिग्गज नेता होंगे शामिल
  • 55,555 अभिमंत्रित रुद्राक्ष का होगा निःशुल्क वितरण,
  • प्रशासन ने मार्ग एवं व्यवस्थाओं को लेकर किया निरीक्षण

रतलाम, 8 अगस्त।सावन के पावन सोमवार के अवसर पर 10 अगस्त को रतलाम में श्री मौजी शंकर महादेव की भव्य शाही सवारी निकाली जाएगी। विप्लव जैन मित्र मंडल के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस शाही सवारी में प्रदेश के कई मंत्री,प्रमुख भाजपा नेता एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन को लेकर शहर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
शाही सवारी मेंप्रभारी मंत्री विजय शाह, कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, इंदौर विधायक गोलू शुक्ला, जावरा विधायक राजेंद्र पांडे, आलोट विधायक चिंतामणि मालवीय,बड़नगर विधायक जीतू पंड्या, ग्रामीण विधायक मथुराल डामोर, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष ओम जैन, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष पंकज जोशी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, सहित प्रदेश के कई भाजपा नेता एवं जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

4 बजे मंदिर से शुरू होगी शाही सवारी
शाही सवारी 10 अगस्त सोमवार को शाम 4 बजे श्री मौजी शंकर महादेव मंदिर, घांस बाजार क्षेत्र से प्रारंभ होगी। सवारी शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी। यात्रा के दौरान धार्मिक झांकियां, आकर्षण और भक्तिमय वातावरण देखने को मिलेगा।

इन मार्गों से निकलेगी
सवारी का मार्ग घांस बाजार, चौमुखीपुल, चांदनी चौक, तोपखाना, गणेशदेवरी, राजीव गांधी मार्केट, माणकचौक सहित अन्य प्रमुख मार्गों से होकर रहेगा।

शाम 7 बजे होगा हरि-हर मिलन
शाही सवारी का सबसे प्रमुख आकर्षण हरि-हर मिलन होगा। शाम करीब 7 बजे सवारी माणकचौक स्थित श्री गोपालजी के बड़े मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान शिव और भगवान विष्णु के स्वरूपों का पारंपरिक हरि-हर मिलन कराया जाएगा। इसके बाद महाआरती और महाप्रसादी का आयोजन होगा।आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को 55,555 अभिमंत्रित रुद्राक्ष का निःशुल्क वितरण भी किया जाएगा।

एसडीएम और सीएसपी ने किया मार्ग का निरीक्षण
शाही सवारी को लेकर प्रशासन और पुलिस ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को एसडीएम तरुण जैन और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने आयोजक एवं भाजयुमो प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन के साथ शाही सवारी के प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मार्ग की स्थिति, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शाही सवारी के सुचारू संचालन को लेकर आवश्यक योजना भी तैयार की गई।

धार्मिक आस्था के साथ दिखेगा भव्य आयोजन
सावन सोमवार के अवसर पर होने वाली इस शाही सवारी को लेकर आयोजकों द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। भगवान मौजी शंकर महादेव की शाही सवारी में धर्म, आस्था और भव्यता का संगम देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *