“गायत्री परिवार की अधिष्ठात्री माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी एवं अखण्ड ज्योति दीपक शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हो रहें है विभिन्न आयोजन”


रतलाम । अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी एवं अखण्ड ज्योति दीपक के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न रचनात्मक एवं जनजागरण अभियानों का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में गायत्री परिवार की रतलाम शाखा द्वारा “गृहे-गृहे गायत्री यज्ञ अभियान” के अंतर्गत रविवार, 9 अगस्त 2026 को सुरभि परिसर, रतलाम के 27 घरों में गायत्री यज्ञ का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, संस्कार परम्परा, आध्यात्मिक चेतना एवं सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके माध्यम से घर-घर गायत्री उपासना एवं देव स्थापना, पूज्य गुरुदेव पं श्रीराम शर्मा आचार्य रचित युगसाहित्य का प्रचार-प्रसार, पर्यावरण परिशोधन के लिए वृक्षारोपण, समाज को व्यसनमुक्त बनाने के लिए संकल्प, युवाशक्ति को सकारात्मक दिशा देने के लिए “युवा जोड़ो अभियान”, स्वास्थ्य संवर्द्धन तथा राष्ट्र जागरण जैसे रचनात्मक कार्यों को गति दी जा रही है।
गायत्री परिवार नगर ट्रस्ट रतलाम के मुख्य ट्रस्टी पातिराम शर्मा ने बताया कि गृहे-गृहे गायत्री यज्ञ अभियान केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण का व्यापक अभियान है। यज्ञ के माध्यम से वातावरण की शुद्धि के साथ-साथ लोगों में सकारात्मक चिंतन, सद्भाव, संस्कार एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जागृत करने का प्रयास किया जा रहा है। और इसी अभियान के अंतर्गत रविवार 9 अगस्त को स्थानीय सुरभि परिसर के 27 घरों में एक साथ एक समय गायत्री यज्ञ सम्पन्न करवाए गए। सभी यजमानों को एक एक पौधा भेंट किया गया और उसके लालन पालन संरक्षण के संकल्प का आग्रह किया गया। साथ ही व्यसनमुक्ति अभियान के अंतर्गत राखी पर्व के लिए विशेष रूप से तैयार संकल्प पत्र का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक दामोदर शर्मा, प्रांतीय युवा संयोजक विवेक चौधरी, तहसील समन्वयक मदनमोहन साहू, जिला युवा संयोजक प्रदीप गुप्ता सहित अनेक परिजनों एवं सुरभि परिसर रहवासियों की सहभागिता रही।