युवा संगम रोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेला 12 अगस्त को आईटीआई रतलाम में

अधिक से अधिक युवा पहुंचकर रोजगार का लाभ उठाएं

रतलाम 11 अगस्त । जिला रोजगार अधिकारी श्री अभिषेक कटारा ने बताया कि तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, मंत्रालय भोपाल एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भोपाल द्वारा युवा संगम जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन 12 अगस्त 2026 को शासकीय आईटीआई रतलाम, सैलाना रोड रतलाम में किया जाएगा। जिसमें 08 से 10 निजी क्षेत्र की कंपनियों द्वारा अप्रेंटिसशिप, मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना अंतर्गत एवं अन्य रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। साथ ही, युवा संगम मेले में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना एवं मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के संबंध में मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
युवा संगम रोजगार मेले में कम्पनियों द्वारा मशीन ऑपरेटर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर, सुपरवाईजर, स्टोरकीपर, फाइनेंशियल एडवाईजर, ट्रेनी, सेल्समैन आदि अनेक पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। युवा संगम रोजगार मेले में भाग लेने के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण से स्नातक एवं आईटीआई एवं आवेदकों की आयु 18 से 35 वर्ष तक होनी चाहिए।
युवा संगम रोजगार मेले में भाग लेने वाली कम्पनियों में श्री गणेश फुटवियर, एच.डी.एफ.सी. इंश्योरेंस रतलाम, कृषि दर्पण एग्रो प्राइवेट लिमिटेड उज्जैन, प्रतिमा स्वराज लिमिटेड उज्जैन, कवच ग्लोबल कनेक्ट प्रा. लि. अहमदाबाद, पेरेनियल प्राइवेट लि. पुणे, लेनोवो प्रा. लिमिटेड इन्दौर आदि शामिल हैं। इच्छुक आवेदक 12 अगस्त 2026 को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक शासकीय आईटीआई सैलाना रोड रतलाम में अपने शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, 2 पासपोर्ट साईज फोटो, समग्र आईडी, आधार कार्ड की मूल एवं छायाप्रति तथा बायोडाटा के साथ उपस्थित हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *