जावरा, असावती और रानीगांव में बनेंगे नवीन पशु चिकित्सालय भवन
रतलाम 11 अगस्त । जावरा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रयासों से निरंतर विकास की सौगात मिल रही है। पशु पालकों की सुविधाओं के लिए क्षेत्र में तीन स्थानों पर लगभग 80 लाख रुपये की लागत से पशु चिकित्सालयों के नवीन भवनों की सौगात मिली है। इन चिकित्सालयों के भवनों की मांग लम्बे समय से की जा रही थी।
उल्लेखनीय है कि विधायक डॉ पांडेय द्वारा जावरा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार के लिए प्राथमिकता से प्रयास किये जा रहे है। पशु पालकों की कठिनाई के दृष्टिगत जर्जर पशु चिकित्सालयों व औषधालयों के भवनों की स्वीकृति के लिए लम्बे समय से प्रयास किये जा रहे है। इसी कड़ी में विधानसभा क्षेत्र में तीन स्थानों पर पशु चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार हेतु 80 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। जिसमें पशु चिकित्सालय जावरा, पशु औषधालय असावती एवं पशु औषधालय रानीगांव के नवीन भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है।
उल्लेखनीय है कि जावरा विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ पांडेय के प्रयासों से विगत वर्षों में 10 स्थानों पर पशु औषधालयों के भवन स्वीकृत हुए थे। जो जावरा विकासखण्ड में गोंदीधर्मसी, बण्डवा, पिपल्याजोधा, धतरावदा, रिंगनोद, जावरा चिकित्सालय में अतिरिक्त कक्ष, पिपलौदा विकासखण्ड में उपरवाड़ा, बडायला चौरासी, सुजापुर तथा मावता में निर्माण किये जाकर संचालित किए जा रहे है।
नए भवनों के निर्माण से जावरा क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों के पशुपालकों को बेहतर एवं सुविधाजनक पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।