हरियाली अमावस्या पर बोरदा में हरियाली सखियों ने निकाली भव्य कलश यात्रा, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जावरा (रतलाम)। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड जावरा के अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बोरदा द्वारा हरियाली अमावस्या के पावन पर्व पर हरियाली यात्रा कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। प्रकृति और पर्यावरण को समर्पित इस पर्व पर पौधों का वितरण कर गांव में ढोल-नगाड़ों के साथ एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों ने हिस्सा लिया। कलश यात्रा के पश्चात स्थानीय शिव मंदिर में भगवान शिव का अभिषेक किया गया और मंदिर परिसर एवं गांव में पौधारोपण किया गया।

कार्यक्रम के प्रमुख अंश
संस्कृति और प्रकृति का संगम :
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक श्री शिव प्रसाद मालवीय उपस्थित रहे। संवाद सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति में पौधारोपण का बहुत बड़ा महत्व है। वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर का भी हिस्सा हैं।
पर्यावरण से जुड़ाव : विकासखंड समन्वयक श्री युवराज सिंह पंवार ने कार्यक्रम की रूपरेखा और भूमिका प्रस्तुत की। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाली अमावस्या का पर्व हमें सीधे तौर पर प्रकृति से जोड़ता है और हमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करता है।
कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन शिवेंद्र माथुर द्वारा किया गया, जबकि अंत में सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष रणवीर सिंह राजपूत ने माना।

इस अवसर पर मुख्य रूप से जनपद सदस्य कुमारी प्रिया कुंवर सिसोदिया, ग्राम सरपंच श्याम सिंह जी सिंह राठौर, समिति सचिव सुनील गुर्जर, सुरेश गुर्जर, श्री जितेंद्र दास जी, नागूलाल जी, मोहन लाल जी, मोहन सिंह जी और पप्पू गुर्जर उपस्थित थे। इसके साथ ही मातृशक्ति के रूप में सीमा कुंवर, रेखा बाई, पप्पू बाई, अमरि बाई, राधा बाई, सज्जन बाई, लाली बाई सहित बड़ी संख्या में अन्य ग्रामीण जन इस पुनीत कार्य के साक्षी बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *