हर घर तिरंगा अभियान के तहत रतलाम में निकली विशाल तिरंगा रैली

कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक लिया भाग, दिया राष्ट्रभक्ति और जिम्मेदारी का संदेश

रतलाम 13 अगस्त । हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत रतलाम शहर में गुरुवार को विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ नगर निगम कार्यालय परिसर से हुआ। रैली में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
तिरंगा रैली नगर निगम कार्यालय परिसर से प्रारंभ होकर कॉलेज रोड, जेल रोड, लोकेन्द्र टॉकीज, न्यू रोड, दो बत्ती होते हुए महाराजा सज्जन सिंह चौराहा पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ। पूरे मार्ग में तिरंगा लहराते हुए नागरिकों ने देशभक्ति का उत्साह प्रदर्शित किया।
रैली में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय, नगर निगम महापौर श्री प्रहलाद पटेल, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लाला बाई चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक शामिल हुए।
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने कहा कि देश इस वर्ष अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने रतलाम जिले के सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है। यह दिन हमें उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर देता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना खून और पसीना बहाया।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ एक अच्छे नागरिक के रूप में अपने दायित्वों को भी याद करना चाहिए। हम सभी की जिम्मेदारी है कि रतलाम शहर और पूरे जिले को स्वच्छ रखें तथा जिले की प्रगति और विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और रतलाम को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बनाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *