मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने सांदीपनि विद्यालय रावटी का किया निरीक्षण

कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से किया संवाद, गणित पढ़ाकर बढ़ाया उत्साह

रतलाम 14 अगस्त 2026/ मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने रावटी स्थित सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीधे कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी शैक्षणिक प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया कक्षा चौथी में पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यपुस्तकों एवं पढ़ाई के संबंध में चर्चा की। उन्होंने बच्चों से भाग (डिवीजन) से जुड़े प्रश्न पूछे तथा ब्लैकबोर्ड पर गणित के सवाल लिखकर उन्हें हल करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सवालों का समाधान किया, जिस पर कलेक्टर ने उनकी सराहना की।
इसके बाद कलेक्टर ने कक्षा पांचवीं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से गणित के विभिन्न प्रश्न पूछे, ब्लैकबोर्ड पर स्वयं सवाल लिखे और उन्हें हल करने की सरल एवं सहज विधि भी समझाई। कलेक्टर ने बच्चों को नियमित अध्ययन, जिज्ञासा के साथ सीखने तथा गणित को सरल तरीके से समझने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के शिक्षकों से भी चर्चा करते हुए कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा बुनियादी गणितीय दक्षता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, सैलाना एसडीएम श्री जायसवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *