ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन पर विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण

विद्युतीकरण के पश्चात विद्युत लोको चलाकर सफलतापूर्वक ट्रायल संपन्न

रतलाम 14 अगस्त। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के इंदौर–खंडवा आमान परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन पर विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। विद्युतीकरण कार्य पूर्ण होने के उपरांत विद्युत लोको चलाकर सफलतापूर्वक ट्रायल भी संपन्न किया गया। यह उपलब्धि इंदौर–खंडवा आमान परिवर्तन परियोजना को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इंदौर–खंडवा आमान परिवर्तन कार्य के अंतर्गत रेल अधोसंरचना को आधुनिक एवं बेहतर तकनीक से विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन पर आवश्यक विद्युतीकरण कार्य पूर्ण किया गया तथा विद्युत लोको का संचालन कर विद्युत आपूर्ति एवं संबंधित रेल अधोसंरचना का सफल परीक्षण किया गया।
इससे पूर्व स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सहित सिगनलिंग प्रणाली का कार्य पूर्ण कर उसे कमीशन किया जा चुका है। सिगनलिंग प्रणाली के सफल क्रियान्वयन के बाद अब विद्युतीकरण कार्य भी पूरा हो गया है। दोनों महत्वपूर्ण कार्यों के पूर्ण होने से स्टेशन की परिचालन क्षमता एवं आधुनिक रेल व्यवस्था के अनुरूप आवश्यक तकनीकी आधारभूत संरचना को मजबूती मिली है।

यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्य भी प्रगति पर
ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा एवं बेहतर यात्री अनुभव को ध्यान में रखते हुए विभिन्न यात्री सुविधा संबंधी कार्य भी किए जा रहे हैं। स्टेशन पर प्लेटफॉर्म एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं। इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में शीघ्र पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
इंदौर–खंडवा आमान परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत रेल मार्ग एवं स्टेशनों पर आधुनिक रेल सुविधाओं के विकास के साथ-साथ सिगनलिंग, विद्युतीकरण, यात्री सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक अधोसंरचना का निर्माण एवं उन्नयन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में रेल परिवहन को अधिक सुरक्षित, आधुनिक, सक्षम एवं सुविधाजनक बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *