कलेक्टर व जिला अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ किया विशेष मध्यान्ह भोजन

स्वतंत्रता दिवस पर सांदीपनि विद्यालय विनोबा में बच्चों के साथ बिताया समय, दी शुभकामनाएं

रतलाम 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के कलेक्टर एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अजय कटेसरिया ने सांदीपनि विद्यालय विनोबा में आयोजित विशेष मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया तथा बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 15 अगस्त और 26 जनवरी देश के गौरव और सम्मान के प्रतीक दिवस हैं। ये अवसर हमें राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय के बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें अच्छे संस्कार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा सकारात्मक वातावरण प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।