80 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण अवसर पर अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल ने कहा


रतलाम,15 अगस्त । संपूर्ण मध्य प्रदेश तेजी से देश का औद्योगिक हब बन रहा है एवं राज्य शासन द्वारा उद्योगपतियों को दी जा रहीं बड़ी सहूलियतों के कारण वे आतुरता से मध्य प्रदेश में औद्योगिक इकाईयां स्थापित करने हेतु आकर्षित हो रहे हैं । इससे जहां बड़ी संख्या में रोजगार सृजित होंगे, वहीं प्रदेश के आर्थिक एवं अधोसंरचनात्मक विकास में तेज रफ्तार आएगी । उक्त उद्गार रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल ने आज प्रातः प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित 80 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण करने के उपरांत अपने उद्बोधन में व्यक्त किये । उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुखिया डॉक्टर मोहन यादव एवं एमएसएमई मंत्री श्री चैतन्य काश्यप की जुगलबंदी प्रदेश के औद्योगिक विकास को नवीन ऊंचाईयां प्रदान कर रही है । अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की आवासहीनों को स्वयं की छत उपलब्ध कराने की योजना में रतलाम विकास प्राधिकरण भी अपनी भूमिका बराबरी से निभाएगा और प्रत्येक जरूरतमंद का स्वयं का आवास हो, ऐसी योजनाएं शीघ्र प्रारंभ करेगा । कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रगान उपरांत सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने हेतु स्वतंत्रता दिवस के विशेष अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती स्मिता राजेश माहेश्वरी, श्रीमती हिना उत्सव मेहता एवं पूर्व क्षेत्रीय पार्षद श्री राजेंद्र सिंह पवार को अध्यक्ष श्री पोरवाल, उपाध्यक्षद्वय श्री गोविंद काकानी, श्री प्रवीण सोनी, संचालक मंडल सदस्यगण श्री राजेंद्र सिंह गोयल, श्री राजेंद्र मौर्य, श्री धीरज व्यास श्रीमती राखी व्यास एवं श्रीमती किरण महावर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया । अध्यक्ष श्री पोरवाल ने प्राधिकरणकर्मी श्री राजेश उपाध्याय को भी दुपट्टा पहना कर सम्मानित किया । ध्वज वंदन कार्यक्रम के दौरान पूर्व महापौर श्री शैलेंद्र डागा,नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, जिला महामंत्री श्री जयवंत कोठारी, श्री हरीश सुरौलिया, एल्डरमैन श्री राकेश परमार, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री बजरंग पुरोहित,मंडल अध्यक्ष श्रीमती सोना शर्मा, पार्षदगण श्रीमती शबाना खान, श्री योगेश पापटवाल,श्री राजेश माहेश्वरी, श्री रामू भाई डाबी,श्री परमानंद योगी, पूर्व पार्षद गोपाल सोलंकी, मणिलाल जी सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी गण उपस्थित थे । कार्यक्रम के प्रारंभ में सरस्वती संगीत महाविद्यालय, रतलाम की प्रधानाचार्या श्रीमती तोशी शर्मा एवं विद्यार्थी मानसी बाहेती,जानवी बाहेती,ओजस्व पाठक एवं नीरज शर्मा ने सुमधुर स्वरों में संपूर्ण राष्ट्रगीत ” वंदे मातरम” प्रस्तुत किया ।इस हेतु अध्यक्ष श्री पोरवाल, उपाध्यक्ष द्वय श्री गोविंद काकानी,श्री प्रवीण सोनी एवं अन्य उपस्थित अतिथियों ने बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साह वर्धन किया । कार्यक्रम के अंत में प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संजय कुमार शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस के आयोजन में पधारने हेतु अतिथि गणों का आभार व्यक्त किया ।