

शिव महापुराण कथा में श्रद्धालुओं ने मनाया स्वतंत्रता दिवस, दिव्य दरबार में स्वीकार हुईं भक्तों की अर्जियां
रतलाम, 16 अगस्त। धर्म और आस्था की नगरी रतलाम में इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। त्रिवेणी मानस भवन में चल रहे चातुर्मास गो आराधना महोत्सव के अंतर्गत परम पूज्य गो क्रान्तिकारी संत श्री गो शरणानंद सरस्वती जी महाराज के सान्निध्य में शिव महापुराण कथा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कथा में उपस्थित श्रद्धालुओं को राष्ट्र के प्रति समर्पण और देशभक्ति का संदेश देते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को राष्ट्रध्वज प्रदान किए गए। देशभक्ति गीतों की मधुर धुन के बीच भक्तों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रध्वज फहराया और देश की एकता, अखंडता एवं गौरव के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।कार्यक्रम के दौरान आयोजित दिव्य दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी समस्याएं और मनोकामनाएं संत श्री के समक्ष रखीं। दिव्य दरबार के माध्यम से कई श्रद्धालुओं की अर्जियां स्वीकार की गईं, जिससे भक्तों में विशेष श्रद्धा एवं उत्साह का वातावरण बना रहा।शिव महापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा का श्रवण कर रहे हैं। कथा के पश्चात श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता अनिल पुरोहित ने किया।