“रोटरी क्लब रतलाम प्राइम के नवीन सत्र का समारोहपूर्वक हुआ शुभारंभ”

गौरव ऐरन बने अध्यक्ष, विकास छाजेड़ ने सचिव पद की शपथ ली

रतलाम, 16 अगस्त। रोटरी क्लब रतलाम प्राइम के वर्ष 2026-27 का नवीन सत्र स्थापना समारोह के साथ गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में प्रारंभ हुआ। समारोह में नवीन सत्र की शपथ विधि संपन्न हुई तथा क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सेवा एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की शपथ ली।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा भारत माता एवं पॉल हैरिस के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ। कोकिला डांस क्लास के नन्हे बच्चों ने मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं सदस्यों ने खूब सराहा।
समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में संस्कार कोठारी, विशिष्ट अतिथि मुकेश साहू, स्थापना अधिकारी पीडीजी डॉ. गजेंद्र नारंग, मुख्य वक्ता धारा पांडेय, सहायक मंडलाध्यक्ष माणिक डांगे एवं पूर्व अध्यक्ष मनोज सिंघावत मंचासीन रहे।
क्लब की जनसंपर्क अधिकारी नितिका ऐरन ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का संचालन विजय जैन, शालू धूत एवं कीर्ति बड़जात्या ने किया। स्थापना समारोह में गौरव ऐरन ने वर्ष 2026-27 के अध्यक्ष एवं विकास छाजेड़ ने सचिव पद की शपथ ग्रहण की। डॉ. गजेंद्र नारंग ने शपथ अधिकारी के रूप में क्लब के नवीन पदाधिकारियों तथा विभिन्न सेवा समितियों के अध्यक्षों को उनके दायित्वों की शपथ दिलवाई। उपाध्यक्ष अंकित जैन एवं वैभव कटारिया, कोषाध्यक्ष मयंक पाठक, सह-कोषाध्यक्ष मिलेश कटकानी, सहसचिव अनूप मूणत, कार्यकारी सचिव डॉ. रोनक जैन एवं सार्जेंट एट आर्म्स हिरेन्द्र परमार ने भी शपथ ग्रहण की।
विभिन्न सेवा क्षेत्रों में नितिका ऐरन को जनसंपर्क एवं छवि निर्माण, विजय जैन को अंतरराष्ट्रीय सेवा, दीपांशु व्यास को समिति सेवाएं, सीए मनीष गुगलिया को लेखा परीक्षण समिति, यतेन्द्र तिवारी एवं मनीष सोनी को सामाजिक सेवा, अभिनंदन सुराणा एवं उमेश शर्मा कोयुवा सेवा तथा पुनीत मालवी को रोटरी फाउंडेशन सेवा की जिम्मेदारी सौंपी गईं। कार्यक्रम के दौरान पिछले रोटरी वर्ष में क्लब द्वारा किए गए विभिन्न सेवा प्रकल्पों, क्लब की सेवा गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी को स्लाइड्स शो के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। साथ ही, नवीन रोटरी वर्ष की कार्ययोजना, आगामी सेवा प्रकल्पों एवं अब तक किए गए कार्यों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई।
स्थानीय श्रीजी पैलेस में हुए कार्यक्रम में नवनिर्वाचित अध्यक्ष गौरव ऐरन ने शपथ ग्रहण के पश्चात अपने संबोधन में कहा, “अगर किसी के जीवन में हम अच्छा बदलाव नहीं ला सकते, तो उनके जीवन में हमारा होना ही बेकार है।” उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब रतलाम प्राइम सेवा के माध्यम से समाज के अधिक से अधिक लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य करेगा। नवीन सचिव विकास छाजेड़ ने क्लब के नवीन सत्र की थीम ‘एलीवेट’ के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस थीम के माध्यम से क्लब सेवा, नेतृत्व एवं सामाजिक सहभागिता के नए स्तर स्थापित करने का प्रयास करेगा।

सेवा कार्य से हुआ नवीन सत्र का शुभारंभ
नवीन सत्र की शुरुआत सेवा कार्य के साथ करते हुए रोटरी क्लब रतलाम प्राइम द्वारा तीन जरूरतमंद दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। इनमें से एक ट्राइसाइकिल हिरेन्द्र परमार द्वारा अपने पिताजी की पुण्य स्मृति में सेवा स्वरूप प्रदान की गई। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष गौरव ऐरन एवं प्रखर डफरिया भी उपस्थित थे।

मुख्य अतिथियों एवं वक्ताओं ने रोटरी की सेवा भावना, सामाजिक दायित्व, युवाओं की सहभागिता एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। समारोह में गुस्ताद अंकलेसरिया, अशोक तांतेड़, पार्षद निशा पवन सोमानी, अग्रवाल महासभा के वीरेन्द्र अग्रवाल, रजनीश गोयल एवं पंकज अग्रवाल, निलेश सेलोत, नीरज बरमेचा, सुमित कटारिया, मनीष सोनी, डॉ. लेखराज पाटीदार, डॉ. देवेंद्र खंडेलवाल, महेंद्र सुरेखा, रेडक्रॉस के चेयरमैन प्रितेश गादीया, हितेश सुराणा, चेतन कोठारी, नवदीप मूणत, सौरभ छाजेड़, सौरभ नाहर, दीपक भंसाली एवं मनोज उपाध्याय सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, रोटरी सदस्य एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए समारोह के समापन में नितिका ऐरन ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *